चित्तौड़गढ़। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के बेगूं उपखंड अंतर्गत पारसोली क्षेत्र के कितियास गांव में मधुमक्खियों के दोहरे हमले ने भारी तबाही मचाई है, जिसमें दो लोगों की जान चली गई और 50 से अधिक लोग लहूलुहान हो गए। घटना की शुरुआत मंगलवार को हुई जब पारसोली निवासी जमनेश पुत्र पन्नालाल सुखवाल एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने कितियास गांव गए थे, जहां मधुमक्खियों ने उन पर प्राणघातक हमला कर दिया। गंभीर अवस्था में उन्हें चित्तौड़गढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां बुधवार तड़के उन्होंने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। त्रासदी का दूसरा अध्याय बुधवार को उस वक्त शुरू हुआ जब बड़ी संख्या में लोग मृतक जमनेश के अंतिम संस्कार के लिए मोक्षधाम पहुंचे।

शव यात्रा और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया के दौरान मधुमक्खियां अचानक फिर बिफर गईं और उपस्थित जनसमूह पर जोरदार हमला बोल दिया। श्मशान घाट पर अचानक हुए इस हमले से मौके पर भीषण अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए बदहवास होकर इधर-उधर भागने लगे। स्थिति इतनी भयावह थी कि मधुमक्खियों ने निर्जीव शव तक को नहीं छोड़ा और उस पर भी डंक मारती रहीं। इस हमले में 40 से 50 लोग घायल हो गए, जिन्हें तत्काल पारसोली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। घायलों में शामिल भवानी शंकर पुत्र मोडूलाल पंडिया की हालत बिगड़ने पर उन्हें चित्तौड़गढ़ चिकित्सालय रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई। इस प्रकार मधुमक्खियों के हमले ने दो परिवारों के चिराग बुझा दिए।

घटना की सूचना मिलते ही उपखंड अधिकारी अंकित सामरिया ने प्रशासनिक और चिकित्सा टीमों को अलर्ट मोड पर रखा। तहसीलदार गोपाल जीनगर ने स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। दहशत के इस माहौल के बीच मृतक का अंतिम संस्कार संपन्न कराने के लिए प्रशासन को विशेष सुरक्षा उपाय करने पड़े, जहां पीपीई किट पहनकर विशेष सुरक्षा घेरे में अंतिम क्रियाक्रम पूर्ण करवाया गया। इस दौरान सांसद के पीए दिनेश ओझा भी मौके पर मौजूद थे, जो हमले के दौरान जान बचाकर भागते समय एक गड्ढे में गिर गए, जिससे उनके टखने में फ्रैक्चर हो गया। वर्तमान में करीब 15 लोग पारसोली चिकित्सालय में भर्ती हैं और 5 गंभीर घायलों का चित्तौड़गढ़ में उपचार जारी है। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे कितियास गांव और पारसोली क्षेत्र में दहशत और सन्नाटे का माहौल व्याप्त है।

Piyush Mundara, Chittorgarh

Piyush Mundara, Chittorgarh

नाम: पियूष मूंदड़ा

वर्तमान पद: संवाददाता

कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)

अनुभव: साल 2013 से

विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग

बीट और कवरेज 

  • स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
  • क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
  • राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
  • प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
  • शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
  • बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।

शैक्षणिक योग्यता

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story