बस्सी पुलिस और डीएसटी ने मेढ़की महादेव व सेमलपुरा घाटा में महिलाओं से लूट करने वाली गैंग का पर्दाफाश कर 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया, पूछताछ में 7 वारदातों का खुलासा हुआ।

बस्सी में मेढ़की महादेव और सेमलपुरा घाटा स्थित बालाजी मंदिर में दर्शन के लिए आने-जाने वाले श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं और दम्पतियों को निशाना बनाकर लूट की वारदातों को अंजाम देने वाली गैंग का जिला विशेष टीम (डीएसटी) और बस्सी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर एक अन्य आरोपी को नामजद किया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चित्तौड़गढ़ और भीलवाड़ा क्षेत्र में लूट एवं चोरी की सात वारदातों का खुलासा किया है।

जानकारी के अनुसार मधुबन, चित्तौड़गढ़ निवासी भैरूनाथ मेघवाल ने बस्सी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपनी पत्नी भगवती मेघवाल के साथ स्कूटी से नगरी पंचायत के मिंडकी महादेव में दर्शन करने आए थे। इसी दौरान करीब तीन बजे तीन बदमाश वहां पहुंचे और उनका मोबाइल फोन, नाक व कान में पहने जेवरात, दो सोने की बालियां, सोने का कांटा, चांदी की अंगूठी, चांदी की चैन तथा 1500 रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा एवं डीएसपी ग्रामीण दिनेश सुखवाल के पर्यवेक्षण में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा लगातार दबिश देकर विष्णु पुत्र चन्दनिया कंजर निवासी मंडावरी, बेगूं और किशन पुत्र आशाराम कंजर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने एक अन्य आरोपी को भी नामजद किया है।

पूछताछ में आरोपियों ने करीब सात माह पहले तारापिपली, बेगूं से हीरो एचएफ डिलक्स मोटरसाइकिल चोरी करने की वारदात स्वीकार की। इसके अलावा करीब एक माह पहले मिंडकी महादेव मंदिर के नीचे स्कूटी सवार दम्पती से मोबाइल फोन, सोने के जेवरात और नगदी लूटने की घटना भी कबूल की।

आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि करीब एक माह पहले उसी जंगल के अंदर मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति और महिला से हाथ में पहनी चांदी की चूड़ियां, गले में पहना सोने का मादलिया तथा नगदी लूटी थी। करीब 20 दिन पहले एक अन्य दम्पती से नगदी लूटने की वारदात भी उन्होंने की थी।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि करीब 15 से 20 दिन पहले एक कार में सवार महिला के जेवरात और नगदी लूटी गई थी। इसके अलावा करीब एक माह पहले सेमलपुरा चौराहे से विजयपुर-अभयपुर घाटा की ओर जाने वाले रास्ते पर मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति और महिला से सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी लूटी गई थी। आरोपियों ने करीब तीन माह पहले बरुदनी के जंगलों में बकरी चरा रही एक महिला के जेवरात लूटने की वारदात करना भी स्वीकार किया है।

डीएसटी और बस्सी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से महिलाओं और श्रद्धालुओं को निशाना बनाकर लगातार लूट की वारदातों को अंजाम देने वाली गैंग का खुलासा हुआ है। पुलिस मामले में आगे की जांच और नामजद आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story