बस्सी में नाकाबंदी के दौरान डस्टर कार से 40 किलो 340 ग्राम अफीम डोडाचूरा जब्त, युवक गिरफ्तार
बस्सी में डीएसटी और पुलिस की नाकाबंदी के दौरान डस्टर कार से 40 किलो 340 ग्राम अफीम डोडाचूरा बरामद हुआ। मामले में एक युवक गिरफ्तार, जांच जारी।

चित्तौड़गढ़ जिले के बस्सी थाना क्षेत्र में कार्रवाई के बाद जब्त डोडाचूरा और आरोपी के साथ खड़े पुलिसकर्मी।
चित्तौड़गढ़ जिले के बस्सी थाना क्षेत्र में डीएसटी और बस्सी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नाकाबंदी के दौरान एक डस्टर कार से 40 किलो 340 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद कर एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजेन्द्र सिंह जोधा तथा पुलिस उपअधीक्षक ग्रामीण दिनेश सुखवाल के पर्यवेक्षण में बस्सी पुलिस ने थाना क्षेत्र में नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की थी।
इसी दौरान एक डस्टर कार को रुकवाकर नियमानुसार उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से 40 किलो 340 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही मादक पदार्थ जब्त कर पप्पुलाल (28) पुत्र नंदादास वैष्णव निवासी पाल का खेड़ा (बस्सी) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर मामले में अनुसंधान शुरू कर दिया है। इस कार्रवाई में थानाप्रभारी प्रेम सिंह, कांस्टेबल महावीर, तेजपाल, मटूल और शोभाग गुर्जर शामिल रहे। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई को पुलिस ने महत्वपूर्ण सफलता माना है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
