चित्तौड़गढ़: बड़ी सादड़ी में चंदन के पेड़ चोरी करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने खरदेवला पहाड़ी से चोरी हुए 9 किलो 260 ग्राम चंदन के गट्टे बरामद किए, आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी।

तस्वीर में बड़ी सादड़ी पुलिस थाने के बाहर जब्त चंदन के साथ पुलिसकर्मी खड़े हैं।
बड़ी सादड़ी थाना पुलिस ने चंदन के पेड़ चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए 9 किलो 260 ग्राम चंदन के गट्टे जब्त किए हैं। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से चंदन चोरी की अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
प्रार्थी गोपाल सिंह पिता मनोहर सिंह राव निवासी खरदेवला, पुलिस थाना बड़ी सादड़ी, जिला चित्तौड़गढ़ ने 4 अगस्त 2026 को रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट में बताया कि शाम के समय खाना खाने के बाद वह भरत सिंह पिता रामसिंह, जितेन्द्र सिंह पिता गोविंद सिंह और चन्द्रभान सिंह पिता कान सिंह, सभी निवासी खरदेवला, खेल मैदान में घूम रहे थे। इसी दौरान करीब 8.30 बजे पहाड़ी पर पेड़ काटने की आवाज सुनाई दी।
आवाज सुनकर सभी लोग पहाड़ी पर पहुंचे, जहां चंदन का पेड़ कटा हुआ मिला। पास में अन्य पेड़ भी कटे हुए थे। इस दौरान दो अज्ञात व्यक्ति जंगल की ओर भागते हुए दिखाई दिए, जिनके पास चंदन के पेड़ से चुराए हुए गट्टे थे। रिपोर्ट में बताया गया कि दोनों अज्ञात व्यक्तियों ने गांव की पहाड़ी पर खड़े चंदन के पेड़ों को काटकर चोरी की थी।
रिपोर्ट पर पुलिस ने प्रकरण संख्या 186/2026 धारा 303(2) बीएनएस एवं 41-42 फोरेस्ट एक्ट में दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।
पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ धर्मेन्द्र सिंह यादव आई.पी.एस. के आदेश की पालना में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) गजेन्द्र सिंह आर.पी.एस. के निर्देशन तथा पुलिस उप अधीक्षक बड़ी सादड़ी हरिषचन्द्र सिंह आर.पी.एस. के सुपरविजन में जंगलों एवं पहाड़ियों से चंदन के पेड़ चुराने वाले व्यक्तियों को ट्रेस आउट करने के लिए थानाधिकारी बड़ी सादड़ी भगवानलाल पु.नि. के नेतृत्व में हरिराम स.उ.नि. मय जाप्ता की टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने मुखबीर की सूचना पर चंदन चोरी के मामले में दो व्यक्तियों को डिटेन किया। पूछताछ के बाद सुरजमल सालवी पिता पुरणमल सालवी निवासी पिण्ड, पुलिस थाना निकुम्भ, जिला चित्तौड़गढ़ तथा गोपीलाल सालवी पिता शंकरलाल सालवी निवासी खरदेवला, पुलिस थाना बड़ी सादड़ी, जिला चित्तौड़गढ़ को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों से चुराए हुए 9 किलो 260 ग्राम चंदन के गट्टे जब्त किए।
गिरफ्तारशुदा अभियुक्त सूरजमल सालवी एवं गोपीलाल सालवी से अन्य चोरी की वारदातों के बारे में पूछताछ जारी है। पुलिस थाना बड़ी सादड़ी की कार्रवाई में हरिराम स.उ.नि., राकेश कानि., दिनेश कानि., ओमप्रकाश, रामकिशोर तथा बाबूलाल कानि. शामिल थे।

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh
नाम: प्रदीप वैष्णव
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: बड़ी सादड़ी तहसील
अनुभव: 26 साल (सन 2000 से 'प्रातःकाल' के साथ कार्यरत)
परिचय
प्रदीप वैष्णव बड़ी सादड़ी तहसील क्षेत्र के एक अनुभवी पत्रकार हैं। वह स्थानीय समाचारों, सामाजिक गतिविधियों, शिक्षा और क्राइम रिपोर्टिंग के क्षेत्रों में मुख्य रूप से सक्रिय हैं। वह सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़े विषयों में विशेष रुचि रखते हैं। तथ्यात्मक और सरल रिपोर्टिंग को प्राथमिकता देना तथा जनहित से संबंधित विषयों को निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा है।
बीट और विशेषज्ञता
- स्थानीय समाचार: बड़ी सादड़ी तहसील और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय व सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग।
- क्राइम: क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई और अपराध से जुड़े मामलों की कवरेज।
- शिक्षा: शैक्षणिक गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े विषय और शिक्षा संबंधी समाचार।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
B.A. जर्नलिज्म (पत्रकारिता में स्नातक)
