निंबाहेड़ा: चेतक एंटरप्राइजेज मुख्यालय में दीपावली पूजन व स्नेह मिलन आयोजित
पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने परिजनों संग की लक्ष्मी पूजा, जनप्रतिनिधियों और कर्मचारियों को दी दीपावली की शुभकामनाएं।

चेतक एंटरप्राइजेज मुख्यालय में दीपावली पूजन करते पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना व परिवारजन।
निंबाहेड़ा स्थित चेतक एंटरप्राइजेज लिमिटेड के कंपनी मुख्यालय पेच एरिया परिसर में रविवार को दीपावली के अवसर पर धार्मिक परंपराओं और उत्सवी उल्लास के बीच दीपावली पूजन एवं स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं राजस्थान सरकार के पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने विधि-विधान से मां लक्ष्मी की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र और प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं उन्नति की कामना की। इस दौरान उन्होंने उपस्थितजनों को मिठाई खिलाकर दीपोत्सव की शुभकामनाएं दीं।
सड़क निर्माण क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनी चेतक एंटरप्राइजेज लिमिटेड के मुख्यालय में आयोजित समारोह का शुभारंभ उदयलाल आंजना ने अपने अनुज एवं छोटीसादड़ी पंचायत समिति के पूर्व प्रधान मनोहरलाल आंजना, कंपनी निदेशक एवं युवा उद्योगपति पूरण आंजना, ध्रुविन आंजना तथा आंजना परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मां लक्ष्मी के पूजन से किया। धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न पूजन कार्यक्रम में दीप प्रज्वलित कर मां लक्ष्मी से क्षेत्र एवं प्रदेश में सुख-समृद्धि, खुशहाली, शांति और उन्नति की मंगलकामना की गई।
पूजन के बाद पेच एरिया परिसर में दीपावली स्नेह मिलन समारोह आयोजित हुआ। इस अवसर पर उदयलाल आंजना ने क्षेत्र के कांग्रेसजनों, जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, इष्ट मित्रों, शुभचिंतकों तथा कंपनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना करते हुए दीपोत्सव को आपसी प्रेम, भाईचारे, सद्भाव एवं सामाजिक एकता की भावना के साथ मनाने का संदेश दिया।
समारोह में पहुंचे अतिथियों का उदयलाल आंजना ने आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने सभी को मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराया और दीपावली की खुशियां साझा कीं। उपस्थितजनों ने भी एक-दूसरे को दीपोत्सव की शुभकामनाएं देकर पारस्परिक स्नेह, सौहार्द एवं आत्मीयता का परिचय दिया।
चेतक एंटरप्राइजेज लिमिटेड के मुख्यालय पेच एरिया में आयोजित यह दीपावली मिलन समारोह धार्मिक आस्था के साथ आपसी मेल-मिलाप, सामाजिक समरसता एवं पारिवारिक सौहार्द का अवसर बना। आयोजन में क्षेत्र के कांग्रेसजन, जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक, इष्ट मित्र, शुभचिंतक तथा कंपनी के अधिकारी एवं कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। सभी ने उत्साहपूर्वक दीपोत्सव मनाते हुए एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।

