चित्तौड़गढ़: विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने ग्रामीण सेवा शिविर में बांटे पट्टे
विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने सेमलिया और ओछड़ी गांवों में आयोजित शिविर के जरिए ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निस्तारण कर सरकारी योजनाओं का लाभ दिया।

तस्वीर में विधायक चंद्रभान सिंह आक्या और अन्य अधिकारी चित्तौड़गढ़ के ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान एक ग्रामीण को दस्तावेज सौंपते हुए नजर आ रहे हैं।
राजस्थान की भजनलाल सरकार ने सवा दो वर्षों में जनसेवा और विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। जनता से सीधा संवाद, समस्याओं का त्वरित समाधान और पारदर्शी कार्यशैली सरकार की पहचान बनी है। प्रदेश सरकार के कार्यकाल में क्षेत्र ने विकास, सुशासन और जनकल्याण की दिशा में नई गति प्राप्त की है तथा विधानसभा क्षेत्र के गांवों में विकास कार्य निरंतर प्राथमिकता के आधार पर कराए जा रहे हैं।
यह बात विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने गुरुवार को ग्राम सेमलिया और ओछड़ी में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर के माध्यम से पूरा प्रशासन गांवों के बीच पहुंचा है, जहां मौके पर ही ग्रामीणों की समस्याओं का निस्तारण कर उन्हें राहत प्रदान की जा रही है।
विकास अधिकारी समुन्द्र सिंह ने बताया कि ग्रामीण सेवा शिविर में ग्रामीण विकास विभाग, राजस्व, चिकित्सा, शिक्षा सहित विभिन्न विभागों की स्टॉल लगाई गई हैं। इन स्टॉलों पर ग्रामीणों की समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही समाधान किया जा रहा है।
सेमलिया शिविर में विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभ से ग्रामीणों को लाभान्वित करते हुए उन्हें राहत प्रदान की। शिविर के दौरान तहसीलदार विपिन चौधरी, नायब तहसीलदार राहुल धाकड़, प्रशासक किशन धाकड़, प्रवर्तन अधिकारी सुमन तिवारी सहित बड़ी संख्या में विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
ग्रामीण सेवा शिविर के माध्यम से प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करते हुए विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ पात्र ग्रामीणों तक पहुंचाने तथा उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करने की पहल को क्षेत्रीय विकास और जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
