चित्तौड़गढ़ में ट्रांसफार्मर से करंट लगने से मासूम की मौत, 11 लाख मुआवजे पर बनी सहमति
चित्तौड़गढ़ के चंदेरिया में ट्रांसफार्मर करंट से मासूम की मौत के बाद हंगामा, 11 लाख मुआवजे और सहायता पर बनी सहमति।

चंदेरिया में बालक की करंट से मौत के बाद मुआवजे की मांग को लेकर जिला चिकित्सालय में प्रशासनिक अधिकारियों और परिजनों के बीच वार्ता करते लोग।
चंदेरिया में ट्रांसफार्मर से करंट लगने के बाद छह वर्षीय मासूम सुमित बंजारा की मौत के मामले में शनिवार को जिला चिकित्सालय में माहौल तनावपूर्ण हो गया। हादसे के बाद परिजन, बंजारा समाज के लोग और स्थानीय जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंचे और परिवार को उचित मुआवजा देने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में कई दौर की बातचीत के बाद सहमति बनी, जिसके बाद मासूम के शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
समझौते के तहत बिजली विभाग, विधायक मद और विभाग के ठेकेदार की ओर से कुल 11 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने, परिवार को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और मृतक के पिता को संविदा पर नौकरी देने पर सहमति बनी। क्षेत्रवासी दिनेश गवारिया ने बताया कि वार्ड नंबर छह की गली नंबर दो में ट्रांसफार्मर के नीचे लगे बॉक्स के खुले तारों की वजह से मासूम सुमित करंट की चपेट में आया था।
दिनेश गवारिया ने बताया कि समाज के लोगों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में अधिकारियों के साथ बातचीत हुई, जिसके बाद सहमति बनने पर पोस्टमार्टम कराया गया। समझौते के अनुसार बिजली विभाग की ओर से 5 लाख रुपए, विधायक मद से 2 लाख रुपए और विभाग के ठेकेदार की ओर से 4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा परिवार को अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और मृतक के पिता को संविदा पर नौकरी देने पर भी सहमति बनी। इसके बाद मासूम के शव को अंतिम संस्कार के लिए गांव रवाना किया गया।
शुक्रवार शाम खेलते समय हुआ दर्दनाक हादसा
मूल रूप से जवासिया निवासी और वर्तमान में चंदेरिया के एफसीआई गोदाम के पीछे रहने वाला छह वर्षीय सुमित बंजारा शुक्रवार शाम अपने साथियों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान वह गली नंबर-2 में लगे ट्रांसफार्मर के पास पहुंच गया और करंट की चपेट में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करंट का झटका इतना तेज था कि उसका पैर बुरी तरह झुलस गया।
हादसे के बाद परिजन तुरंत सुमित को जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सुमित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के सरकारी स्कूल में एलकेजी का छात्र था। उसके पिता मुकेश बंजारा मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सुमित तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था।
पुलिस ने शुरू की जांच, लोगों ने उठाई कार्रवाई की मांग
घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के अधिकारी और चंदेरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि ट्रांसफार्मर के फ्यूज बॉक्स खुले हुए थे और तार लटक रहे थे, जिसके कारण यह हादसा हुआ।
लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।
विधायक आक्या की समझाइश के बाद बनी सहमति
विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने मौके पर पहुंचकर परिजनों और मौजूद लोगों से समझाइश की। विधायक आक्या ने विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जाहिर करते हुए अकाल मौत पर मौके पर उपस्थित बिजली विभाग के अधिकारियों को जमकर लताड़ लगाई। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को आवश्यक सुधार कराने के निर्देश दिए।
विधायक आक्या की पहल पर मृतक के परिजनों को विभागीय और अन्य सरकारी सहायता दिलाने पर सहमति बनने के बाद परिवारजन मृतक बालक का पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हुए।
इस अवसर पर तहसीलदार विपिन चौधरी, चंदेरिया थानाधिकारी, विद्युत विभाग के अधीशाषी अभियंता सत्यनारायण आमेरिया, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश वैष्णव, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अशोक रायका, अनिल ईनाणी, गोपाल गवारिया, दिनेश गवारिया, किशन शर्मा, संजय शर्मा, रूस्तम खान, देवीलाल सालवी, पवन वैष्णव, विजय बुनकर सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित थे।

Piyush Mundara, Chittorgarh
नाम: पियूष मूंदड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: साल 2013 से
विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग
बीट और कवरेज
- स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
