निकुंभ के चंदा माता मंदिर में 301वां भक्ति सत्संग आयोजित, गूंजे मेवाड़ी भजन
नवरात्रि के अवसर पर आयोजित भजन संध्या में उदयपुर के लाभार्थी परिवारों संग सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

तस्वीर में निकुंभ के चंदा माता मंदिर में 301वें साप्ताहिक भक्ति सत्संग के अवसर पर लाभार्थी परिवार और सत्संग परिषद के सदस्य नजर आ रहे हैं।
बड़ी सादड़ी। निकुंभ कस्बे की पहाड़ी पर स्थित प्रसिद्ध चंदा माता मंदिर में 301वें साप्ताहिक भक्ति सत्संग का आयोजन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया गया। उदयपुर निवासी लाभार्थी अजेन्द्र पुरी-सरला देवी और लोकेश कुमार-मोनिका गोस्वामी परिवार की ओर से आयोजित इस भक्ति संध्या में परिवारजनों के साथ आसपास के गांवों से आए सैकड़ों श्रद्धालु भक्त शामिल हुए। नवरात्रि के शुभारंभ अवसर पर प्रस्तुत संगीतमय मेवाड़ी भजनों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया।
सत्संग परिषद के संयोजक प्रेम सिंह सिसोदिया ने बताया कि प्रातःकाल भक्ति सत्संग की शुरुआत गिरधारी गंधर्व कन्नौज ने गणपति वंदना से की। इसके बाद रोड मल काका ने ‘मां चंदा जी रो सज्यो यो दरबार, अणा भक्तां रा करो बेड़ा पार’ भजन प्रस्तुत कर उपस्थित श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।
भजन प्रवाहक ललिता कुमावत, कौशल्या सुथार, भेरूलाल लोहार, नंदलाल लोहार, नानालाल कुमावत और ओम प्रकाश प्रजापत ने नवरात्रि के शुभारंभ पर माता रानी को रिझाने वाले संगीतमय मेवाड़ी भजनों की प्रस्तुतियां दीं। भजनों के माध्यम से पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर यशवंत कंप्यूटर्स की ओर से लाभार्थी परिवार को माता रानी की छवि भेंट की गई। सत्संग परिषद ने भी परिवारजनों का स्वागत किया। वहीं, महावीर नेत्र सेवा संस्थान, निकुंभ के संयोजक दिलीप सहलोत ने 301वीं भक्ति सत्संग के पूर्ण होने की खुशी में सत्संग परिषद के सदस्यों को मेवाड़ी पगड़ी धारण करवाकर उनका अभिनंदन किया।
कार्यक्रम के दौरान आगामी रविवार को आयोजित होने वाली भजन संध्या के लाभार्थी राजमल दरबार का भी अभिनंदन किया गया। प्रबंधन एवं प्रसाद वितरण समिति के सुनील कुमार उर्फ लाल जी सहलोत ने कार्यक्रम में सहयोग करने वालों के प्रति आभार जताया। व्यवस्था समिति के हंसराज पितलिया ने श्रद्धालुओं से मंदिर परिसर को साफ-स्वच्छ रखने में सहयोग करने की बात कही।
चंदा माता मंदिर में आयोजित यह 301वां साप्ताहिक भक्ति सत्संग श्रद्धालुओं की सहभागिता, मेवाड़ी भजनों की प्रस्तुतियों और सत्संग परिषद के सदस्यों के सम्मान के साथ संपन्न हुआ।

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh
नाम: प्रदीप वैष्णव
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: बड़ी सादड़ी तहसील
अनुभव: 26 साल (सन 2000 से 'प्रातःकाल' के साथ कार्यरत)
परिचय
प्रदीप वैष्णव बड़ी सादड़ी तहसील क्षेत्र के एक अनुभवी पत्रकार हैं। वह स्थानीय समाचारों, सामाजिक गतिविधियों, शिक्षा और क्राइम रिपोर्टिंग के क्षेत्रों में मुख्य रूप से सक्रिय हैं। वह सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़े विषयों में विशेष रुचि रखते हैं। तथ्यात्मक और सरल रिपोर्टिंग को प्राथमिकता देना तथा जनहित से संबंधित विषयों को निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा है।
बीट और विशेषज्ञता
- स्थानीय समाचार: बड़ी सादड़ी तहसील और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय व सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग।
- क्राइम: क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई और अपराध से जुड़े मामलों की कवरेज।
- शिक्षा: शैक्षणिक गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े विषय और शिक्षा संबंधी समाचार।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
B.A. जर्नलिज्म (पत्रकारिता में स्नातक)
