चैत्र नवरात्रि: झांतला माता और कालिका माता मंदिर समेत शक्तिपीठों पर घटस्थापना आज
चित्तौड़गढ़ के झांतला माता और दुर्ग स्थित कालिका माता मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान शुरू, जिला कोषालय से सुरक्षा के बीच लाए गए मां के आभूषण।

चित्तौड़गढ़। भक्ति और शक्ति के संगम चैत्र नवरात्रि पर्व का उल्लास चित्तौड़गढ़ जिले के समस्त शक्तिपीठों पर छा गया है, जहां नानाविध धार्मिक अनुष्ठानों की श्रृंखला प्रारंभ हो चुकी है। जिले के सुप्रसिद्ध शक्तिपीठ झांतला माता मंदिर में आस्था के विशेष उल्लास के बीच नवरात्रि की पूर्व संध्या यानी चैत्र कृष्णा अमावस्या को ही विधानपूर्वक घटस्थापना कर दी गई, जिसके साथ ही अनुष्ठान का श्रीगणेश हुआ। वहीं, दुर्ग स्थित ऐतिहासिक कालिका माता, जोगणिया माता, सगरा माता, मरमी माता, चामुण्डा माता, लालबाई फुलबाई माता, एलवा माता, अम्बा माता और असावरा माता सहित जिले के तमाम प्रमुख शक्तिपीठों पर चैत्र प्रतिपदा गुरुवार को शुभ मुहूर्त में घटस्थापना के साथ नौ दिवसीय नवरात्रि महोत्सव का भव्य आगाज होगा। ज्योतिषीय गणना के अनुसार इस बार चैत्र नवरात्रा में जगतजननी मां दुर्गा पालकी पर विराजमान होकर पधार रही हैं, जिसे विशेष आध्यात्मिक संकेत माना जा रहा है।
धार्मिक मर्यादाओं और राजकीय परंपराओं के निर्वहन के क्रम में, प्रमुख शक्तिपीठ कालिका माता मंदिर में नवरात्रि अनुष्ठान हेतु जिला कोषालय में सुरक्षित रखे गए देवी मां के प्राचीन आभूषणों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मंदिर ले जाया गया है। शक्तिपीठों के अतिरिक्त जिले भर के लोकदेवताओं के मंदिरों में भी घटस्थापना की जाएगी। आध्यात्मिक चेतना के इस पर्व पर जहां श्रद्धालु रामचरित मानस के पारायण की तैयारी में हैं, वहीं शक्ति उपासक दुर्गा सप्तशती के पाठ के माध्यम से मां दुर्गा के सभी नौ रूपों की आराधना में लीन रहेंगे। पर्व की व्यापकता को देखते हुए प्रमुख शक्तिपीठों पर आयोजित होने वाले मेलों की तैयारियां अब अपने अंतिम चरण में हैं और सभी मंदिरों को आकर्षक विद्युत सज्जा से अलौकिक रूप दिया गया है। इसी बीच, जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में गरबा महोत्सव समितियों द्वारा भव्य और आकर्षक प्रतिमाओं की स्थापना हेतु प्रस्थान किया गया है, जो आगामी नौ दिनों तक जिले को शक्ति साधना और भक्ति के रंग में सराबोर रखेंगे।

Piyush Mundara, Chittorgarh
नाम: पियूष मूंदड़ा
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
अनुभव: साल 2013 से
विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग
बीट और कवरेज
- स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
- क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
- राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
- प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
- शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
- बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।
शैक्षणिक योग्यता
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
