CBSE 12वीं रिजल्ट: चित्तौड़गढ़ के हिंद जिंक स्कूल का परिणाम रहा शत-प्रतिशत
चित्तौड़गढ़ के हिंद जिंक स्कूल में वाणिज्य और विज्ञान संकाय के सभी विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए, चिन्मय काबरा ने 97% अंकों के साथ जिले में टॉप किया।

चित्तौड़गढ़ में सीबीएसई 12वीं परीक्षा में शानदार सफलता के बाद अपने परिवार के साथ मिठाई खाकर खुशी मनाती छात्रा उर्वी समदानी।
चित्तौड़गढ़। केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) द्वारा घोषित कक्षा बारहवीं के परीक्षा परिणामों में हिंद जिंक स्कूल ने अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता का परचम लहराते हुए अभूतपूर्व सफलता अर्जित की है। विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहने के साथ ही सभी विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में स्थान प्राप्त कर संस्थान का मान बढ़ाया है। वाणिज्य संकाय में सम्मिलित सभी 27 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी के साथ परीक्षा उत्तीर्ण की, जिसमें चिन्मय काबरा ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न केवल विद्यालय में शीर्ष स्थान हासिल किया, बल्कि मुख्य विषयों के आधार पर संपूर्ण जिले में भी प्रथम स्थान प्राप्त कर गौरव बढ़ाया। इसी संकाय में अनुष्का सोमानी 96.4 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय और रिद्यिमा बलदवा 95 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान पर काबिज रहीं।
शैक्षणिक श्रेष्ठता का यही क्रम विज्ञान संकाय में भी निरंतर रहा, जहाँ परीक्षा में बैठे सभी 35 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण होकर विद्यालय की परंपरा को जीवंत रखा। विज्ञान वर्ग में उर्वी समदानी ने 94 प्रतिशत अंकों के साथ विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सेजल मोगरा 92.6 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे पायदान पर रहीं। वहीं, सौभाग्य सिंह मोजावत एवं विशेष वैष्णव ने 91 प्रतिशत अंकों के साथ संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों की इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष आलोक रंजन, सचिव अमित सुराना, प्राचार्या बिंदु नायर एवं उप प्राचार्य नरेश नूनिया ने हर्ष व्यक्त करते हुए सभी सफल विद्यार्थियों व उनके अभिभावकों को हार्दिक बधाई दी तथा छात्रों के उज्जवल भविष्य के लिए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं। यह परिणाम न केवल विद्यार्थियों के परिश्रम को दर्शाता है, बल्कि क्षेत्र में उच्च गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति विद्यालय के समर्पण को भी पुख्ता करता है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
