चित्तौड़गढ़: सीबीएन ने जंगल से दो लावारिस कारें जब्त कर 464 किलो डोडाचूरा पकड़ा
केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की पी एंड आई सेल ने बस्सी क्षेत्र में नाकेबंदी के डर से तस्करों द्वारा झाड़ियों में छिपाई गई गाड़ियों से 32 कट्टे अवैध मादक पदार्थ बरामद किया।

चित्तौड़गढ़ के बस्सी क्षेत्र में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो द्वारा लावारिस गाड़ियों से जब्त किया गया 464 किलो डोडाचूरा और तस्करी में प्रयुक्त दो कारें।
बस्सी। (प्रातकाल संवाददाता)। केन्द्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो चितौड़गढ़ की पी एंड आई सेल के अधिकारियों ने बस्सी तहसील क्षेत्र के पाल घाटा रोड़ पर स्थित कंवर जी का खेड़ा के पास जंगल में लावारिस खड़ी दो कारों से 464 किलो 940 ग्राम डोडाचुरा जब्त करने में बड़ी सफलता हासिल की है। यह अवैध डोडाचुरा 32 कट्टों में भरा हुआ था।
जानकारी के अनुसार, सीबीएन अधिकारियों को पहले एक पुख्ता सूचना मिली थी कि दो गाड़ियों में बड़ी मात्रा में अवैध डोडाचुरा मारवाड़ इलाके की तरफ ले जाया जा रहा है। इस सुचना को गंभीरता से लेते हुए सीबीएन की पी एंड आई सेल ने तत्काल एक विशेष टीम का गठन किया और बस्सी-सादी रोड़ पर कड़ी निगरानी रखी। टीम ने संदिग्ध गाड़ियों पर पैनी नजर रखी और उनके आने का इंतजार किया। करीब तीन-चार घंटे तक लगातार टीम मौके पर मुस्तैद रही, लेकिन गाड़ियां वहां नहीं पहुंची। इसके बाद अधिकारियों को अंदेशा हुआ कि तस्करों को भनक लग चुकी है और उन्होंने या तो रास्ता बदल लिया है या फिर कहीं आसपास ही गाड़ियों को छिपा दिया है।
लगातार लंबे इंतजार के बाद, टीम ने बिना वक्त गंवाए आसपास के सघन जंगल और कच्चे रास्तों में एक व्यापक सर्च अभियान शुरू किया। सघन तलाशी के दौरान जंगल के अंदर झाड़ियों के बीच एक सुनसान कच्चे रास्ते पर दोनों संदिग्ध गाड़ियां खड़ी मिल गईं। ये दोनों वाहन लावारिस हालत में थे और इनके आसपास कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं था। अधिकारियों ने इसके बाद नियमानुसार गाड़ियों की तलाशी ली, तो उसमें से भारी मात्रा में डोडाचुरा बरामद हुआ। मौके पर ही जब माल का वजन करवाया गया, तो 32 कट्टों में कुल 464 किलो 940 ग्राम अवैध डोडाचुरा पाया गया।
ब्यूरो की टीम ने बरामद डोडाचुरा और तस्करी में प्रयुक्त दोनों वाहनों को जब्त कर लिया और उन्हें ब्यूरो कार्यालय लेकर आई। माना जा रहा है कि सीबीएन की टीम की भारी सख्ती और दबिश के डर के कारण ही तस्कर पकड़े जाने के भय से वाहनों को जंगल में ही छोड़कर मौके से भाग निकले। इस पूरी कार्रवाई को एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत अंजाम दिया गया है, और मामले में आगे का अनुसंधान लगातार जारी है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
