-
12वीं बोर्ड में 96.80% अंक लाने वाली संगम धाकड़ और उत्कृष्ट परिणाम देने वाले शिक्षकों का नागरिक अभिनंदन, नव-प्रवेशी बच्चों का भी स्वागत।

निम्बाहेड़ा। नए शैक्षणिक सत्र के प्रथम दिवस पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बडोली माधोसिंह में उस समय उत्साह का वातावरण निर्मित हो गया, जब मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (CBEO) अरविंद मूंदड़ा ने विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय की शिक्षण व्यवस्थाएं और अनुशासन पूरी तरह चाक-चौबंद पाए गए। इसी अवसर पर हाल ही में घोषित बोर्ड परीक्षा परिणामों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का मान बढ़ाने वाली मेधावी छात्राओं और उनके मार्गदर्शन में अहर्निश श्रम करने वाले शिक्षकों के सम्मान में एक भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया।
मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अरविंद मूंदड़ा ने बुधवार को विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मेधावी छात्रा संगम धाकड़, जिन्होंने कक्षा 12 की बोर्ड परीक्षा में 96.80 प्रतिशत अंक अर्जित कर कीर्तिमान स्थापित किया, का साफा, उपरना, अंगवस्त्र ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर नागरिक अभिनंदन किया। इसके साथ ही, इतिहास विषय में शत-प्रतिशत (100 में से 100) अंक दिलाने वाले व्याख्याता जयसिंह मीणा सहित श्रेष्ठ परीक्षा परिणाम देने वाले शिक्षक रामेश्वर लाल मेघवाल, गुंजन जैन, पूजा सोनी एवं प्रियंका का भी साफा और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मान किया गया।
प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार उपाध्याय ने जानकारी दी कि कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के प्रति सकारात्मक रुझान को प्रोत्साहित करते हुए सीबीईओ मूंदड़ा ने निजी विद्यालयों को छोड़कर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बडोली माधोसिंह में प्रवेश लेने वाले ग्यारह नव-प्रवेशी विद्यार्थियों का उपरना ओढ़ाकर स्वागत किया। इस गौरवमयी अवसर पर प्रियंका, मेहबूब आसिफ़ मंसूरी, मस्तराम मीणा, ज्योति साहू, संध्या शर्मा, ओम प्रकाश मेघवाल, पंचायत शिक्षक मदनलाल धाकड़, मदनलाल बलाई, रामेश्वर लाल धाकड़ तथा कुक कम हेल्पर कैलाशी मेघवाल का भी ऊपरना पहनाकर हार्दिक अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन रामेश्वर लाल मेघवाल द्वारा किया गया, जबकि व्याख्याता जयसिंह मीणा ने उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया। सरकारी विद्यालयों के प्रति बढ़ते इस विश्वास और शैक्षणिक उत्कृष्टता के इस उत्सव ने स्थानीय जनमानस में शिक्षा के प्रति एक नई ऊर्जा का संचार किया है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
