चित्तौड़गढ़: बोजुंदा में खेल मैदान की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन
सहनवा पंचायत के ग्रामीणों और बच्चों ने जिला कलेक्ट्री पर मानव श्रृंखला बनाकर प्रदर्शन किया और खेल मैदान के लिए भूमि आवंटन की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।

चित्तौड़गढ़ जिला कलेक्ट्री के बाहर बुधवार को खेल मैदान की मांग को लेकर प्रदर्शन करते बोजुंदा ग्राम के निवासी और स्कूली बच्चे।
चित्तौड़गढ़। सहनवा पंचायत के बोजुंदा ग्राम में खेल मैदान की लंबे समय से लंबित मांग को लेकर बुधवार को ग्रामीणों और बच्चों ने जिला कलेक्ट्री पहुंचकर करीब एक घंटे तक प्रदर्शन किया।
कलेक्ट्री पर प्रदर्शन और मानव श्रृंखला
- इस दौरान कलेक्ट्री चौराहे पर बच्चों ने मानव श्रृंखला बनाकर प्रशासन का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
- कलेक्ट्री परिसर एवं मुख्य गेट के बाहर नारेबाजी कर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
- ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन दिया।
आबादी और संसाधनों का अभाव
ज्ञापन में बताया कि बोजुंदा की आबादी लगभग 1500 से 1600 है, जहां करीब 250 बच्चे व युवा साथी शामिल हैं। इसके बावजूद गांव में आज तक कोई भी सुरक्षित एवं समुचित खेल मैदान उपलब्ध नहीं कराया गया है।
"मजबूरी में बच्चे और युवा पंचायत के नोरों, खाली प्लॉटों तथा असुरक्षित स्थानों पर खेल रहे हैं, जिससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।"
दूरी और सुरक्षा की समस्या
ग्रामीणों ने बताया कि खेल मैदान नहीं होने के कारण कई बच्चों को खेल गतिविधियों के लिए गांव से करीब 5 किलोमीटर दूर जाना पड़ता है, जिससे उनकी पढ़ाई और सुरक्षा दोनों प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि गांव में ही खेल मैदान उपलब्ध हो जाए, तो बच्चों को दूर नहीं जाना पड़ेगा और वे सुरक्षित वातावरण में खेल सकेंगे।
प्रशासनिक उदासीनता और आक्रोश
- पिछले दो वर्षों में तीन से चार बार जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं।
- पंचायत स्तर पर भी प्रस्ताव पारित कर संबंधित विभागों को भेजे गए हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
- इससे ग्रामीणों में आक्रोश है।
प्रमुख मांगें और भूमि आवंटन
ग्रामीणों ने मांग की कि बोजुंदा राजकीय माध्यमिक विद्यालय के लिए खेल मैदान उपलब्ध कराया जाए, ताकि विद्यालय के छात्र नियमित रूप से खेलकूद गतिविधियों में भाग ले सकें। वर्तमान में मेडिकल कॉलेज के समीप स्थित खाली सरकारी भूमि पर 2 से 3 बीघा जमीन आवंटित कर खेल मैदान विकसित करने की मांग की गई है।
प्रशासन का आश्वासन और आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीणों की मांग को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा, उन्हें अब ठोस निर्णय और त्वरित कार्रवाई चाहिए। ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र खेल मैदान के लिए भूमि आवंटन एवं निर्माण की प्रक्रिया शुरू नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
