प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चित्तौड़गढ़ के आरटीडीसी पन्ना होटल में एक विशेष पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद सी.पी. जोशी ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में नीतियों के साथ-साथ 'परफॉर्मेंस पॉलिटिक्स' की एक नई संस्कृति का उदय हुआ है। उन्होंने रेखांकित किया कि आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और क्रय शक्ति के आधार पर तीसरे स्थान पर पहुंच गया है। पहले जो देश घोटालों के लिए सुर्खियों में रहता था, आज वह अपने विकास और नवाचार के दम पर वैश्विक मंच पर अपनी एक विशिष्ट पहचान बना चुका है।

सांसद जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने तीसरे कार्यकाल की शपथ लेने के तुरंत बाद प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की फाइल पर हस्ताक्षर कर किसानों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। सरकार के इन 12 वर्षों में 25 करोड़ से अधिक लोगों को गरीबी रेखा से बाहर निकालने में सफलता मिली है। डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के माध्यम से 4.3 लाख करोड़ रुपये की बचत की गई है, जो पहले भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाते थे। जनधन योजना के तहत करोड़ों महिलाओं के बैंक खाते खोलने से लेकर प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से करोड़ों लोगों को मुफ्त राशन और आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करना सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का प्रमाण है। साथ ही, उज्ज्वला योजना से 11 करोड़ से अधिक महिलाओं को गैस कनेक्शन और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चार करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं।

आधारभूत ढांचे के विस्तार पर चर्चा करते हुए जोशी ने बताया कि देश में 23 नए एम्स की स्थापना, मेडिकल कॉलेजों का विस्तार और राष्ट्रीय राजमार्गों का तीव्र निर्माण कार्य जारी है। रेलवे के आधुनिकीकरण के साथ ही सड़क, बिजली और डिजिटल इंडिया के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। चित्तौड़गढ़ लोकसभा क्षेत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यहां एयरपोर्ट विस्तार, जल जीवन मिशन, रेलवे परियोजनाओं, फोरेंसिक लैब और बायपास जैसे कार्यों से क्षेत्र के विकास को नई गति मिल रही है। कार्यक्रम का संचालन जिला मीडिया प्रभारी मनोज पारीक ने किया, जिसमें भाजपा जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी, विधायक अर्जुन लाल जीनगर, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, जिला महामंत्री रघु शर्मा, हर्षवर्धन सिंह रूद, सुधीर जैन, सुरेश झंवर, नगर अध्यक्ष गौरव त्यागी और आशीष शर्मा सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी उपस्थित थे। सांसद ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में चित्तौड़गढ़ विकास के नए आयाम स्थापित करेगा और राष्ट्र निर्माण की इस यात्रा में अग्रिम भूमिका निभाएगा।

Piyush Mundara, Chittorgarh

Piyush Mundara, Chittorgarh

नाम: पियूष मूंदड़ा

वर्तमान पद: संवाददाता

कार्यक्षेत्र: चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)

अनुभव: साल 2013 से

विशेष रुचि: अपराध (क्राइम) और वन्य जीव (Wildlife) रिपोर्टिंग

बीट और कवरेज 

  • स्थानीय समाचार: चित्तौड़गढ़ जिला और संबंधित तहसीलों की सभी स्थानीय खबरों की नियमित कवरेज।
  • क्राइम एवं वन्य जीव: पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, अपराध संबंधी घटनाओं के साथ-साथ वन्य जीव और पर्यावरण से जुड़े मुद्दों की विशेष रिपोर्टिंग।
  • राजनीति: स्थानीय निकाय, संगठनात्मक गतिविधियां और क्षेत्रीय राजनीतिक घटनाक्रम।
  • प्रशासन: सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली, प्रशासनिक निर्णय, जनसुनवाई और विकास कार्यों की समीक्षा।
  • शिक्षा एवं स्वास्थ्य: शैक्षणिक संस्थानों की गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दे, चिकित्सा सेवाएं और स्वास्थ्य योजनाओं का कवरेज।
  • बिज़नेस: स्थानीय बाजार, व्यापारिक गतिविधियां और आर्थिक समाचार।

शैक्षणिक योग्यता

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story