भाजपा जिला कार्यालय ओछड़ी में किसान वृहद बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें किसानों को आत्मनिर्भर बनाने और कृषि को आधुनिक एवं लाभकारी स्वरूप देने पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक से पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री एवं किसान मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष कैलाश चौधरी, सांसद सीपी जोशी, जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या, रघु शर्मा, हर्षवर्धन सिंह, कैलाश मंत्री, बद्रीलाल जाट, प्रवीण सिंह राठौड़, देवी लाल जाट तथा नगर अध्यक्ष गौरव त्यागी ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

किसान मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष कैलाश चौधरी ने किसानों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि देश का किसान आत्मनिर्भर और समृद्ध बने। उन्होंने प्राकृतिक एवं ऑर्गेनिक खेती अपनाने का आह्वान किया और कहा कि केंद्र सरकार ने किसानों के हित में अनेक योजनाएं लागू की हैं। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछले 60 वर्षों में किसानों को गरीब और कमजोर दिखाने का प्रयास किया गया, जिससे खेती के प्रति युवाओं में नकारात्मक सोच विकसित हुई। उन्होंने कहा कि किसानों की छवि हमेशा फटे कपड़ों और बदहाल स्थिति में प्रस्तुत की गई, जबकि अब आवश्यकता है कि खेती को लाभकारी और आधुनिक बनाया जाए ताकि किसान का बेटा भी गर्व के साथ कृषि को अपनाए।

सांसद सीपी जोशी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ऐसी पार्टी है जिसके कार्यकर्ता और नेता लंबे समय तक प्रवास कर संगठन और किसानों के हित में कार्य करते हैं। उन्होंने भारत के प्राचीन गौरव का उल्लेख करते हुए कहा कि एक समय भारत को सोने की चिड़िया कहा जाता था और कृषि व्यवस्था विश्व में सबसे मजबूत मानी जाती थी। उन्होंने बताया कि उस समय कृषि को उत्तम, व्यापार को मध्यम और चाकरी को निम्न माना जाता था, लेकिन आजादी के बाद गलत नीतियों के कारण देश को खाद्यान्न तक आयात करना पड़ा। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यों को याद करते हुए किसान क्रेडिट कार्ड योजना, फसल बीमा और प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं का उल्लेख किया।

जिलाध्यक्ष रतनलाल गाडरी ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार किसानों के हित में निरंतर कार्य कर रही है और किसानों से सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने तथा कृषि में आधुनिक तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया। विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि भाजपा सरकार किसान हितैषी सरकार है और किसानों की आय बढ़ाने के लिए केंद्र की मोदी सरकार तथा राजस्थान की भजनलाल सरकार अनेक योजनाएं संचालित कर रही हैं।

कार्यक्रम संयोजक देवी सिंह राणावत ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। बैठक को किसान मोर्चा के प्रदेश महामंत्री रेवंत सिंह राजपुरोहित तथा प्रदेश उपाध्यक्ष संजय धाकड़ ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर सी पी नामधराणी, अशोक रायका, गोवर्धन जाट, देशराज गुर्जर, प्रवीण सिंह राठौड़, संजू लड्ढा, मनोज पारीक, नन्दकिशोर लौहार, कृष्णपाल सिंह चुंडावत, आशीष शर्मा, भूपेंद्र सालवी, भंवर सिंह, अनिल सुखवाल, भवानीराम जाट, दिनेश पाराशर, गजेंद्र सिंह, हीरालाल रायका सहित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों एवं कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story