प्रतापगढ़: नितिन नवीन और श्रीचंद कृपलानी ने किया भाजपा जिला कार्यालय का उद्घाटन
अरनोद रोड पर नवनिर्मित आधुनिक कार्यालय का डिजिटल और स्थानीय स्तर पर शुभारंभ, संगठन सुदृढ़ीकरण पर जोर।

प्रतापगढ़ के अरनोद रोड पर नवनिर्मित भाजपा जिला कार्यालय के उद्घाटन अवसर पर विधायक श्रीचंद कृपलानी, जिलाध्यक्ष महावीर सिंह कृष्णावत और अन्य पदाधिकारी पट्टिका का अनावरण करते हुए।
प्रतापगढ़/निम्बाहेड़ा। भारतीय जनता पार्टी के सांगठनिक विस्तार और सुदृढ़ीकरण के अभियान में सोमवार को एक नया अध्याय जुड़ा, जब अरनोद रोड स्थित भाजपा के नवनिर्मित जिला कार्यालय का वर्चुअल माध्यम से भव्य उद्घाटन किया गया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष (प्रभारी) नितिन नवीन ने टोंक से डिजिटल पट्टिका का अनावरण कर इस आधुनिक कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया। प्रतापगढ़ स्थित मुख्य समारोह स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में निम्बाहेड़ा विधायक एवं पूर्व स्वायत्त शासन मंत्री श्रीचंद कृपलानी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और स्थानीय स्तर पर उद्घाटन पट्टिका का अनावरण कर इसे कार्यकर्ताओं को समर्पित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक श्रीचंद कृपलानी ने संगठन की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी मात्र एक राजनीतिक दल नहीं, अपितु राष्ट्र निर्माण का एक सशक्त माध्यम है, जिसकी नींव कार्यकर्ताओं की तपस्या और त्याग पर टिकी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पार्टी का कार्यालय केवल एक भौतिक भवन नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं की ऊर्जा, वैचारिक चेतना और सेवा भावना का जीवंत केंद्र होता है। कृपलानी ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे इस नवीन परिसर को जनसेवा की धुरी बनाएं, जहाँ पीड़ित और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो सके। उन्होंने पार्टी के मार्गदर्शक सिद्धांतों 'एकात्म मानववाद' और 'अंत्योदय' का स्मरण कराते हुए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सपनों को साकार करने की बात कही। विधायक ने लोकतंत्र सेनानियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के संघर्ष को नमन करते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता को केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का उत्तरदायित्व सौंपा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह नवीन कार्यालय संगठन को नई ऊर्जा और गति प्रदान कर भाजपा को जिले में अभूतपूर्व मजबूती देगा।
प्रतापगढ़ भाजपा जिला मीडिया प्रभारी गोपाल धाबाई ने जानकारी दी कि कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलन और पुष्पांजलि के साथ हुआ। भाजपा जिलाध्यक्ष महावीर सिंह कृष्णावत ने अपने स्वागत उद्बोधन में सभी आगंतुक अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया। मंच का कुशल संचालन जिला महामंत्री नरेन्द्र गिरी गोस्वामी ने किया, जबकि कार्यक्रम के समापन पर रवि जोशी ने सभी का आभार प्रकट किया।
इस ऐतिहासिक अवसर पर भाजपा की जिला टीम के अनेक वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि साक्षी बने। कार्यक्रम में जिला महामंत्री आशीष जैन, पूर्व जिला महामंत्री गजेंद्र चंडालिया, जिला कोषाध्यक्ष विष्णु कुमार शर्मा, सह-कोषाध्यक्ष हार्दिक छोरिया, निम्बाहेड़ा भाजपा नगर महामंत्री देवकरण समदानी, प्रधान रमेश मीणा, हकरी देवी मीणा, पारसमल जैन, डॉ. नारायण लाल निनामा, केसर सिंह बाठी, जितेंद्र पतंगिया, अंबालाल सेन सहित जिले के उपाध्यक्ष, मंत्री और मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे। साथ ही लोकतंत्र सेनानी ओमप्रकाश बोराना व रमेश बोराना, सोशल मीडिया संयोजक निशील छोरिया, मनीष कोठारी, पूर्व प्रधान सुमन मीणा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की गौरवमयी उपस्थिति रही। नवनिर्मित कार्यालय के उद्घाटन से कार्यकर्ताओं में नया जोश देखा गया, जो आगामी समय में जिले की राजनीतिक गतिविधियों को एक नई दिशा देने के लिए तत्पर हैं।

