बिनोता में अटल प्रगति पथ के निर्माण को मंजूरी, विधायक कृपलानी की अनुशंसा पर ₹2 करोड़ स्वीकृत
सार्वजनिक निर्माण विभाग ने 1.40 किलोमीटर लंबी सड़क के लिए जारी की स्वीकृति, निंबाहेड़ा क्षेत्र की यातायात व्यवस्था और ग्रामीण कनेक्टिविटी होगी बेहतर।

चित्तौड़गढ़ जिले के निंबाहेड़ा विधानसभा क्षेत्र स्थित बिनोता कस्बे में अटल प्रगति पथ के निर्माण की प्रशासनिक स्वीकृति मिलने पर हर्ष जताते स्थानीय जनप्रतिनिधि।
निम्बाहेड़ा विधानसभा क्षेत्र के बिनोता कस्बे में लंबे समय से लंबित सड़क सुविधा की मांग को बड़ा आधार मिला है। राजस्थान सरकार के सार्वजनिक निर्माण विभाग ने पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी की अनुशंसा पर अटल प्रगति पथ के निर्माण को स्वीकृति प्रदान कर दी है, जिससे क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
स्वीकृति के अनुसार बिनोता में 1.40 किलोमीटर लंबी अटल प्रगति पथ सड़क का निर्माण किया जाएगा, जिस पर 2 करोड़ रुपए व्यय होंगे। इस परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करना और ग्रामीण तथा कस्बाई क्षेत्रों को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराना है। प्रस्तावित मार्ग के निर्माण से स्थानीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों के रहवासियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने के साथ-साथ क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी।
विधायक श्रीचंद कृपलानी ने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र के समग्र विकास को सुनिश्चित करना है और इसी दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिनोता में अटल प्रगति पथ का निर्माण न केवल सड़क सुविधा को बेहतर बनाएगा, बल्कि आसपास के गांवों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।
स्थानीय नागरिकों ने इस स्वीकृति के लिए विधायक कृपलानी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सड़क लंबे समय से क्षेत्र की प्रमुख आवश्यकता थी। सड़क निर्माण से परिवहन सुगम होगा और क्षेत्र में विकास के नए अवसर खुलेंगे।
सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ किए जाने की संभावना जताई गई है, जिससे बिनोता कस्बा जल्द ही बेहतर सड़क सुविधाओं से जुड़ सकेगा। अटल प्रगति पथ की स्वीकृति जारी होने पर पूर्व विधायक अशोक नवलखा, निवर्तमान जिला प्रमुख गब्बर सिंह अहीर, निवर्तमान प्रधान बगदीराम धाकड़, पूर्वी मंडल अध्यक्ष अशोक जाट, पश्चिम मंडल अध्यक्ष राजेंद्र सिंह शक्तावत, भाजपा जिला मंत्री शौकिन चपलोत, ललित सिंह शक्तावत, प्रहलाद प्रजापत, गोपाल तिवारी, प्रकाश अन्यावडा, नरेंद्र प्रजापत, प्रकाश मुणेत सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने पूर्व यूडीएच मंत्री एवं विधायक श्रीचंद कृपलानी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए राज्य के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग मंत्री दिया कुमारी के प्रति आभार व्यक्त किया।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
