उदयपुर संभाग के चितौड़गढ़ जिले में दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। डूंगला थाना क्षेत्र में सोमवार अपरान्ह एक अनियंत्रित बाइक फिसलने से 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो मित्र गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, चकतीया बावजी निवासी केसरमल (18) पुत्र शंकरलाल मीणा अपने मित्र विशाल पुत्र शंभुलाल मीणा और कन्हैयालाल पुत्र उदयलाल मीणा के साथ बाइक पर भभूका महादेव भाणपा दर्शन के लिए गए थे। सोमवार को अपरान्ह करीब 4 बजे दर्शन कर लौटते समय नाहर सिंह माता (ग्वाल नाडा) के पास बाइक अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद तीनों को तुरंत भीण्डर सीएचसी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें एमबी चिकित्सालय रेफर किया गया। एमबी चिकित्सालय में उपचार के दौरान केसरमल ने दम तोड़ दिया, जबकि विशाल और कन्हैयालाल का इलाज जारी है।

मृतक के पिता शंकरलाल की रिपोर्ट पर एएसआई हरिनारायण ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और लापरवाही के खतरनाक परिणामों को उजागर करता है।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story