समीपवर्ती बिजयपुर पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फोर्ड कार से 47 किलो 110 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जुलाई माह में एनडीपीएस एक्ट के तहत बिजयपुर पुलिस की यह लगातार चौथी कार्रवाई है।

पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मुख्यालय जयपुर द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई की गई। एएसपी गजेन्द्र सिंह के पर्यवेक्षण एवं पुलिस उपअधीक्षक दिनेश सुखवाल के सुपरविजन में बिजयपुर पुलिस ने अवैध अफीम डोडाचूरा परिवहन करते फोर्ड कार सहित 47 किलो 110 ग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त कर एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया।

थानाप्रभारी रामलाल मीणा ने बताया कि पुलिस जाप्ते ने धराणा गांव से उदपुरा रोड पर नाकाबंदी की थी। इस दौरान उदपुरा की तरफ से एक काले रंग की आईकन फोर्ड कार आती दिखाई दी। पुलिस ने कार को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक कार को साइड से निकालने का प्रयास करने लगा। तेज रफ्तार होने के कारण कार बड़े पत्थर से टकरा गई, जिससे आगे का टायर फट गया और एक्सल टूट गया।

इसके बाद चालक कार को करीब 10 मीटर दूरी पर सड़क पर खड़ी कर खेतों की ओर भाग गया। पुलिस ने घेरा डालकर चालक को पकड़ लिया। पुलिस पूछताछ में चालक ने अपना नाम गोपाल (23) पुत्र गेहरीलाल गुर्जर निवासी-उदपुरा (बिजयपुर) बताया।

नियमानुसार फोर्ड कार की तलाशी लेने पर कार में रखे 02 प्लास्टिक के कट्टों और 01 कपड़े के बोरे में 47 किलो 110 ग्राम अवैध डोडाचूरा मिला। पुलिस ने कार चालक गोपाल और वाहन फोर्ड कार को जब्त कर लिया। मामले में अनुसंधान जारी है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story