181 किलो 270 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा के साथ टाटा हैरियर जब्त, चालक जंगल की ओर फरार
181 किलो 270 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा से भरी टाटा हैरियर कार बिजयपुर पुलिस ने जब्त की। चालक कार छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गया, जांच जारी है।

तस्वीर में बाईं ओर बिजयपुर थाना परिसर में पुलिसकर्मी जब्त किए गए कट्टों के साथ खड़े हैं, जबकि दाईं ओर काले रंग की टाटा हैरियर कार खड़ी दिखाई दे रही है।
बस्सी। समीपवर्ती बिजयपुर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 181 किलो 270 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा से भरी एक टाटा हैरियर कार जब्त की है। कार्रवाई के दौरान वाहन चालक पुलिस को चकमा देकर कार छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ एवं ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा के पर्यवेक्षण तथा पुलिस उपअधीक्षक ग्रामीण दिनेश सुखवाल के सुपरविजन में बिजयपुर थानाप्रभारी रामलाल मय जाप्ता ने माणकपुरा से नल्दा और सेमलिया की ओर जाने वाले चौराहे पर नाकाबंदी की थी।
नाकाबंदी के दौरान सेमलिया की ओर से एक काले रंग की टाटा हैरियर कार आती दिखाई दी। पुलिस ने चालक को वाहन रोकने का इशारा किया, लेकिन उसने कार की गति बढ़ाकर मौके से भागने का प्रयास किया। इस पर थानाप्रभारी ने कार के आगे स्टॉप स्टिक डालकर उसका टायर पंचर कर दिया। इसके बावजूद चालक वाहन नहीं रोकते हुए अभयपुर की ओर भागता रहा।
पुलिस ने निजी वाहन से कार का पीछा किया। पीछा किए जाने पर चालक माणकपुरा से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर सड़क किनारे कार छोड़कर जंगल की ओर फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश की, लेकिन वह हाथ नहीं लग सका।
नियमानुसार टाटा हैरियर कार की तलाशी लेने पर उसमें काले रंग के प्लास्टिक के 10 कट्टे मिले। कट्टों में भरे अवैध अफीम डोडाचूरा का कुल वजन 181 किलो 270 ग्राम पाया गया। पुलिस ने अवैध डोडाचूरा और टाटा हैरियर कार को जब्त कर लिया है। मामले में अनुसंधान जारी है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
