भूपालसागर में 7.5 किलो डोडाचूरा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत सदीपुरा सरहद पर नाकाबंदी कर पुलिस ने कार से अवैध मादक पदार्थ बरामद किया और एक बाल अपचारी को भी निरुद्ध किया।

भूपालसागर पुलिस टीम द्वारा 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के दौरान जब्त किया गया अवैध डोडाचूरा और तस्करी में प्रयुक्त कार के साथ गिरफ्तार आरोपी।
भूपालसागर, चित्तौड़गढ़। प्रातःकाल संवाददाता अरविंद गर्ग:
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी के निर्देशन में मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भूपालसागर पुलिस ने 'ऑपरेशन त्रिनेत्र' के माध्यम से तस्करी पर कड़ा प्रहार किया है। पुलिस टीम ने सदीपुरा सरहद पर नाकाबंदी के दौरान एक कार से 7 किलो 550 ग्राम अवैध अफीम डोडाचूरा बरामद करने में सफलता हासिल की है। इस पूरी कार्रवाई में कांस्टेबल सुरेश की विशेष भूमिका रही, जिनके इनपुट और सक्रियता ने इस ऑपरेशन को सफल बनाया।
महानिरीक्षक के निर्देश पर विशेष अभियान
महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ सरिता सिंह के निर्देशन और वृत्ताधिकारी कपासन हरजीलाल यादव के सुपरविजन में यह कार्रवाई अमल में लाई गई। भूपालसागर थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक घेवरचन्द के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सदीपुरा सरहद पर प्रभावी नाकाबंदी की थी। इसी दौरान फलासिया रोड की ओर से आ रही एक संदिग्ध कार को जांच के लिए रोका गया।
तलाशी में मिला अवैध मादक पदार्थ
पुलिस टीम द्वारा नियमानुसार कार की तलाशी लेने पर वाहन की डिग्गी में रखा एक सफेद प्लास्टिक का कट्टा बरामद हुआ, जिसमें अवैध डोडाचूरा भरा था। पुलिस ने मौके से कुल 7 किलो 550 ग्राम अवैध मादक पदार्थ और तस्करी में प्रयुक्त कार को जब्त कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने 21 वर्षीय पवन जाट पुत्र रतनलाल निवासी मुण्डकटिया और 20 वर्षीय राहुल जाट पुत्र मांगीलाल निवासी नीलोद को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए ये दोनों आरोपी आकोला थाना क्षेत्र के निवासी हैं, जिनके साथ ही वारदात में शामिल एक बाल अपचारी को भी पुलिस द्वारा निरुद्ध किया गया है।
पुलिस टीम और जन अपील
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाधिकारी घेवरचन्द के साथ कांस्टेबल सुरेश, कांस्टेबल ओमप्रकाश, कांस्टेबल भरत, कांस्टेबल दुर्गेश और कांस्टेबल अक्षय शामिल थे। कार्रवाई के उपरांत जिला पुलिस ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि "मादक पदार्थों की तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम अथवा नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर दें।"

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
