भूपालसागर पुलिस ने अवैध बजरी परिवहन के खिलाफ की कार्रवाई, एक डम्पर जब्त
चित्तौड़गढ़ जिले के भूपालसागर थाना पुलिस ने अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए अवैध बजरी ले जा रहे डम्पर को जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया है।

भूपालसागर थाना पुलिस द्वारा अवैध बजरी परिवहन के मामले में जब्त किया गया डम्पर और पुलिस टीम की कार्रवाई।
भूपालसागर (चित्तौड़गढ़)। चित्तौड़गढ़ जिले के भूपालसागर थाना पुलिस ने अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने अवैध रूप से बजरी ले जा रहे एक डम्पर को जब्त कर मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव के निर्देशानुसार, अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकुल शर्मा के निर्देशन और डीएसपी कपासन हरजीलाल यादव के सुपरविजन में गठित पुलिस टीम ने घेराबंदी कर डम्पर को रोका। सघन जांच के दौरान डम्पर में अवैध बजरी परिवहन होना पाया गया, जिस पर पुलिस ने तुरंत प्रभाव से डम्पर को जब्त कर लिया।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बजरी परिवहन करने वाले आरोपी गणेशलाल पुत्र पेमाराम मीणा, निवासी बासाजोयरा, उतरडा, थाना गींगला, जिला सलूम्बर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में अनुसंधान जारी है और पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि अवैध बजरी कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां खपाया जाना था।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी घेवरचन्द, एएसआई असरार जमा तथा कांस्टेबल ओमप्रकाश, पीराराम और अक्षय शामिल रहे। भूपालसागर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध बजरी माफियाओं में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी अवैध परिवहन के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
