भूपालसागर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गोवंश तस्करी का टॉप-10 आरोपी गिरफ्तार
ऑपरेशन सुदर्शन चक्र-2 के तहत भीलवाड़ा निवासी दो वांछित तस्कर गिरफ्तार, 2024 में ट्रक में क्रूरतापूर्वक 21 बैल भरकर ले जाने का है मामला।

भूपालसागर थाना पुलिस द्वारा गोवंश के अवैध परिवहन मामले में दो साल से फरार चल रहे भीलवाड़ा निवासी वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह यादव के निर्देशन में भूपालसागर थाना पुलिस ने 'ऑपरेशन सुदर्शन चक्र-2' के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। प्रातःकाल संवाददाता अरविंद गर्ग के अनुसार, पुलिस ने गोवंश के अवैध परिवहन के मामले में पिछले दो वर्ष से फरार चल रहे दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी पाई है। पकड़े गए आरोपियों में से एक आरोपी थाना भूपालसागर के टॉप-10 वांछित अपराधियों की सूची में शामिल था।
महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज उदयपुर गौरव श्रीवास्तव द्वारा वांछित अपराधियों की धरपकड़ हेतु विशेष अभियान 'ऑपरेशन सुदर्शन चक्र-2' चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) मुकुल शर्मा व पुलिस उप अधीक्षक (डीएसपी) कपासन हरजी लाल यादव के सुपरविजन में थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक घेवरचन्द मय जाप्ता द्वारा यह त्वरित कार्रवाई की गई।
पुलिस ने थाना हाजा के गोवंश प्रकरण में दो साल से फरार चल रहे भीलवाड़ा निवासी दोनों आरोपियों को दबोच लिया है। इनमें पहला आरोपी रोडु उर्फ रोडा पिता काना जाति बंजारा है, जो आजाद नगर, पुलिस थाना प्रताप नगर, जिला भीलवाड़ा का निवासी है और थाने का टॉप-10 वांछित अपराधी था। वहीं दूसरा आरोपी राजु उर्फ राजेन्द्र उर्फ रायसिंह पिता गोवर्धन उर्फ गोदु जाति बंजारा है, जो बोरडा शाहपुरा, जिला भीलवाड़ा का रहने वाला है।
घटनाक्रम के अनुसार, 12 दिसंबर 2024 की रात्रि 9:00 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक ट्रक में गोवंश को बेरहमी से भरकर गिलुण्ड से सूरजपुरा की तरफ ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर नाकाबंदी कर उक्त ट्रक को बेहद मुश्किल से रुकवाया गया। उस समय पुलिस को देखकर ट्रक चालक सहित 2 आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से कूदकर भागने में सफल रहे थे।
तलाशी लेने पर ट्रक के अंदर एक व्यक्ति बैठा मिला, जिसने पूछताछ में अपना नाम जगदीश बंजारा बताया। जब पुलिस ने ट्रक का तिरपाल खोलकर देखा, तो उसमें क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंस कर सफेद, लाल, काले और काबरे तितरे रंग के कुल 21 बैल भरे हुए थे, जिनकी उम्र 2 से 5 वर्ष के बीच थी। इन तीनों आरोपियों द्वारा अवैध रूप से गोवंश को गोवध हेतु परिवहन किया जा रहा था। इस सराहनीय सफलता को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक घेवरचन्द सहित कांस्टेबल राधेश्याम, दुर्गेश और अनिल जांबाज शामिल रहे। इस बड़ी गिरफ्तारी से क्षेत्र में अवैध तस्करी करने वाले अपराधियों के हौसले पस्त हुए हैं।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
