भूपालसागर (चित्तौड़गढ़)। भूपालसागर पंचायत समिति में प्रधान पद को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। प्रधान पद पर गाडरी समाज के व्यक्ति को प्रतिनिधित्व देने की मांग उठाते हुए गाडरी (धनगर) समाज के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष भेरूलाल गाडरी ने पार्टी नेतृत्व के समक्ष अपनी दावेदारी पेश की है। उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात कर भूपालसागर पंचायत समिति में गाडरी समाज के व्यक्ति को प्रधान बनाने की मांग रखी।

भेरूलाल गाडरी ने अपने 48 वर्षों के राजनीतिक जीवन और कांग्रेस के प्रति लंबे समय से निभाई जा रही निष्ठा का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा पार्टी की सेवा की है। उनके अनुसार, कई अवसरों पर अन्य राजनीतिक दलों की ओर से प्रलोभन दिए जाने के बावजूद उन्होंने कांग्रेस का साथ नहीं छोड़ा। ऐसे में अब जब भूपालसागर पंचायत समिति में कांग्रेस के पास प्रधान बनाने का अवसर है, तो पार्टी को गाडरी समाज की सेवाओं और संगठन में उसके योगदान को ध्यान में रखते हुए समाज के व्यक्ति को यह जिम्मेदारी देनी चाहिए।


इस मांग को लेकर भेरूलाल गाडरी ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी, पूर्व केंद्रीय मंत्री उदयलाल आंजना तथा पीसीसी सचिव व सदस्य डॉक्टर ललित बोरीवाल सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। उन्होंने सभी नेताओं से भूपालसागर पंचायत समिति में गाडरी समाज का प्रधान बनाने की अपील की।

कानाखेड़ा, तहसील भूपालसागर, जिला चित्तौड़गढ़ निवासी भेरूलाल गाडरी का पंचायत, सहकारिता, कांग्रेस संगठन और सामाजिक क्षेत्र में लंबा अनुभव रहा है। उनके पिता का नाम स्व. हजारीलाल गाडरी है और उनका जन्म 20 अप्रैल 1954 को हुआ।

उन्होंने वर्ष 1978 से 2004 तक तथा वर्ष 2010 से 2015 तक सरपंच पद पर रहते हुए जनसेवा की। इसके अलावा वर्ष 1995 से 1996 तक भूपालसागर पंचायत समिति सदस्य के रूप में भी कार्य किया।

सहकारिता एवं कांग्रेस संगठन में उनकी सक्रियता का सिलसिला भी लंबे समय तक जारी रहा। वे वर्ष 1982 से 1987 तक जी.एस.एस. कानाखेड़ा के अध्यक्ष, वर्ष 2003 से पी.एफ.एस. कानाखेड़ा के अध्यक्ष तथा वर्ष 1995 से 2000 तक जिला कांग्रेस कमेटी चित्तौड़गढ़ के उपाध्यक्ष रहे।

सामाजिक और संगठनात्मक क्षेत्र में भी उन्होंने विभिन्न जिम्मेदारियां निभाईं। वर्ष 2002 से 2007 तक धनगर (गाडरी) समाज के जिला अध्यक्ष एवं प्रदेश अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। इसके बाद सितंबर 2008 से 2013 तक राजस्थान ओबीसी प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष का दायित्व संभाला।

भूपालसागर पंचायत समिति में प्रधान पद को लेकर गाडरी समाज की यह दावेदारी अब कांग्रेस के वरिष्ठ नेतृत्व के समक्ष पहुंच गई है। भेरूलाल गाडरी ने अपने लंबे राजनीतिक, सामाजिक और संगठनात्मक अनुभव को आधार बनाकर समाज को प्रधान पद पर प्रतिनिधित्व देने की मांग उठाई है।

Arvind Garg, Bhupalsagar

Arvind Garg, Bhupalsagar

नाम: अरविंद गर्ग

वर्तमान पद: संवाददाता

कार्यक्षेत्र: उपखण्ड भूपालसागर, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): क्राइम (अपराध) व राजनीति

अनुभव: 13 साल

परिचय

अरविंद गर्ग चित्तौड़गढ़ जिले के भूपालसागर उपखंड क्षेत्र के संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से जमीनी स्तर की खोजी और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं। अरविंद गर्ग अपने उपखंड और उसके आसपास के क्षेत्रों में क्राइम, राजनीति, सामाजिक-आर्थिक मुद्दों, स्थानीय विकास और जनहित से जुड़े विषयों पर निष्पक्ष रिपोर्टिंग करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

स्नातक (Graduate)

Next Story