भूपालसागर में महाराणा प्रताप जयंती पर सर्व समाज की बैठक आयोजित
17 जून को महाराणा प्रताप जयंती भव्य रूप से मनाने का निर्णय लिया गया, हेमेंद्र सिंह राणावत को कार्यकारी अध्यक्ष मनोनीत किया गया।

भूपालसागर के चौंसठ जोगिनी परिसर में महाराणा प्रताप जयंती की तैयारियों को लेकर सर्व समाज की बैठक आयोजित की गई, जिसमें हेमेंद्र सिंह राणावत को कार्यकारी अध्यक्ष चुना गया।
भूपालसागर, चित्तौड़गढ़। मेवाड़ की आन, बान और शान के प्रतीक 'हिंदुआ सूरज' महाराणा प्रताप की आगामी जयंती को लेकर भूपालसागर में सर्व समाज द्वारा एक अहम बैठक का आयोजन किया गया। भूपालसागर हाईवे स्थित चौंसठ जोगिनी परिसर में आयोजित इस बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी 17 जून को महाराणा प्रताप जयंती पूर्णतः राजनीति से मुक्त होकर सर्व समाज के सहयोग और भव्यता के साथ मनाई जाएगी।
बैठक में फतहनगर, भूपालसागर, रावतिया, बुल, बबराना, भोपालनगर, हड़मतिया, असरोल, रामाखेड़ा, मीणापाडा, खेड़ली, शंभूपुरा, आकोला एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में सर्व समाज के लोग सम्मिलित हुए। विचार-विमर्श के दौरान वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के शौर्य को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने मेवाड़ की रक्षा के लिए अपना तन, मन और धन न्योछावर कर दिया। घास की रोटी खाकर जंगल में रहकर भी उन्होंने 36 कौमों को साथ लेकर मुगल आक्रांता अकबर की फौज को खदेड़कर मेवाड़ का मान रखा था।
कार्यक्रम की सफलता और सुचारू संचालन हेतु सर्वसम्मति से हेमेंद्र सिंह राणावत को कार्यकारी अध्यक्ष मनोनीत किया गया। कार्यकारी अध्यक्ष राणावत ने स्पष्ट किया कि यह जयंती किसी दल विशेष की नहीं, बल्कि संपूर्ण सर्व समाज की है, जिसमें सभी राजनीतिक दलों के लोग एक समान रूप से सम्मिलित होंगे। इस आयोजन में 5 हजार लोगों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।
जयंती के उपलक्ष्य में एक भव्य कवि सम्मेलन का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें मेवाड़ के गौरवशाली इतिहास और महाराणा प्रताप की शौर्य गाथाओं का यशोगान होगा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आयोजन को और अधिक भव्य बनाने के लिए एक विशाल जुलूस निकाला जाएगा। साथ ही, इस कार्यकारिणी के साथ सर्व समाज को जोड़कर भविष्य में हर वर्ष इसे विशेष रूप से मनाने की रूपरेखा तैयार की गई है। प्रातःकाल संवाददाता अरविंद गर्ग के अनुसार, बैठक में उपस्थित प्रबुद्ध जनों ने मेवाड़ के इस वीर योद्धा की जयंती को अभूतपूर्व और ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
