चित्तौड़गढ़: भूपालसागर के कांकरवा में 5 विद्युत डीपी चोरी, प्रशासन को ज्ञापन
कांकरवा में दो दिनों में पांच ट्रांसफार्मर चोरी होने के बाद सरपंच प्रतिनिधि ने उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की गिरफ्तारी और नई डीपी लगाने की मांग की।

भूपालसागर उपखंड मुख्यालय के निकटवर्ती ग्राम कांकरवा में इन दिनों ट्रांसफार्मर (डीपी) चोरों ने जबरदस्त आतंक मचा रखा है, जिससे ग्रामीणों और किसानों में भारी रोष व्याप्त है। चोरी की बढ़ती वारदातों पर प्रशासन द्वारा सख्त कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु कांकरवा प्रशासक एवं सरपंच प्रतिनिधि कर्नल सिंह ने उपखंड अधिकारी महेश गगोरिया को एक औपचारिक प्रार्थना पत्र सौंपकर मामले की गंभीरता से अवगत कराया है। प्रार्थना पत्र के माध्यम से जानकारी दी गई कि क्षेत्र में बीते मात्र 2 दिनों के भीतर ही 5 विद्युत डीपी चोरी हो चुकी हैं, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
प्रशासक कर्नल सिंह ने चोरी हुई डिपियों के स्थान पर जल्द से जल्द नई डीपी लगवाने के संबंध में विद्युत विभाग के सहायक अभियंता जमना लाल बुनकर से भी दूरभाष पर वार्ता की है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस मामले में तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर गहन अनुसंधान करने और आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की पुरजोर मांग की है। साथ ही, भूपालसागर पुलिस द्वारा की जा रही गस्त के दौरान किसी भी संदिग्ध व्यक्ति के दिखने पर उससे कड़ी पूछताछ करने और सुरक्षा चक्र को और अधिक मजबूत करने का आग्रह किया गया है। उपखंड कार्यालय में ज्ञापन सौंपने के दौरान सरपंच प्रतिनिधि ने प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि चोरी की इन वारदातों पर लगाम नहीं लगी तो क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था और कृषि कार्य पूरी तरह ठप हो जाएंगे।

Arvind Garg, Bhupalsagar
नाम: अरविंद गर्ग
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: उपखण्ड भूपालसागर, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): क्राइम (अपराध) व राजनीति
अनुभव: 13 साल
परिचय
अरविंद गर्ग चित्तौड़गढ़ जिले के भूपालसागर उपखंड क्षेत्र के संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से जमीनी स्तर की खोजी और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं। अरविंद गर्ग अपने उपखंड और उसके आसपास के क्षेत्रों में क्राइम, राजनीति, सामाजिक-आर्थिक मुद्दों, स्थानीय विकास और जनहित से जुड़े विषयों पर निष्पक्ष रिपोर्टिंग करते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
स्नातक (Graduate)
