चित्तौड़गढ़ से डबोक (उदयपुर) को जोड़ने वाला स्टेट हाइवे-9 (SH-9) स्थानीय भूपालसागर कस्बे के लिए 'मौत का मार्ग' बन गया है। इस मार्ग पर स्थित मुख्य चौराहों पर सड़क सुरक्षा के नियमों की लगातार उपेक्षा और जिम्मेदार विभागों की निष्क्रियता के चलते हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।

कस्बे की सड़कों और स्टेट हाइवे के मिलन बिंदुओं पर सुरक्षा संकेतक पूरी तरह अनुपस्थित हैं। स्पीड ब्रेकर, डिवाइडर, गति नियंत्रण बोर्ड, रिफ्लेक्टर या किसी भी प्रकार के चेतावनी संकेतक की कमी इस मार्ग को खतरनाक बना रही है। हाल ही में यहां दो भीषण हादसे हुए, जिनमें एक मोटरसाइकिल सवार की जान कैल्शियम के बल्कर से टकराने के कारण चली गई। 26 नवंबर को सीमेंट के कट्टों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति गंभीर रूप से घायल होकर अभी भी उपचाराधीन हैं। इन हादसों के बावजूद संबंधित विभाग की नींद अब भी नहीं टूटी है।

SH-9 की दयनीय स्थिति के कारण वाहन चालक इस मार्ग से दूरी बना रहे हैं। सड़क जगह-जगह गड्ढों और खस्ताहाल होने के कारण यातायात भारी गिरावट के साथ आसपास के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर भी असर डाल रहा है। होटल, ढाबे और भोजनालय संचालकों का कहना है कि लगातार घटते यातायात भार ने उनके व्यापार को संकट में डाल दिया है।

सड़क की हालत और विभाग की लापरवाही का दूसरा गंभीर पहलू हाईवे किनारे डिवाइडर तोड़ने की प्रवृत्ति है। कुछ व्यवसायिक प्रतिष्ठानों ने अपने ग्राहकों की सुविधा के लिए अनधिकृत कट बनाए हैं, जो तेज गति से आ रहे वाहनों के लिए गंभीर खतरा बनते हैं।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों की मांग है कि SH-9 को नेशनल हाइवे (NH) में परिवर्तित किया जाए। कपासन और मावली विधानसभा क्षेत्र के निवासियों ने सांसद सीपी जोशी और विधायक अर्जुनलाल जीनगर से लगातार इस मार्ग के राष्ट्रीय राजमार्ग में शामिल होने की मांग की है। सांसद सीपी जोशी ने इस दिशा में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री से संपर्क कर स्वीकृति दिलाने का आश्वासन दिया है।

भूपालसागर के ये तिराहे सुरक्षा की कमी और लापरवाही का प्रत्यक्ष उदाहरण हैं। यदि शीघ्र सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए, तो स्थानीय निवासियों और वाहन चालकों की जान पर गंभीर खतरा बना रहेगा।

Updated On
Arvind Garg, Bhupalsagar

Arvind Garg, Bhupalsagar

नाम: अरविंद गर्ग

वर्तमान पद: संवाददाता

कार्यक्षेत्र: उपखण्ड भूपालसागर, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): क्राइम (अपराध) व राजनीति

अनुभव: 13 साल

परिचय

अरविंद गर्ग चित्तौड़गढ़ जिले के भूपालसागर उपखंड क्षेत्र के संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से जमीनी स्तर की खोजी और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं। अरविंद गर्ग अपने उपखंड और उसके आसपास के क्षेत्रों में क्राइम, राजनीति, सामाजिक-आर्थिक मुद्दों, स्थानीय विकास और जनहित से जुड़े विषयों पर निष्पक्ष रिपोर्टिंग करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

स्नातक (Graduate)

Next Story