भूपालसागर में हिंदुस्तान जिंक दरीबा में नौकरी दिलाने का झांसा देकर तीन युवकों से 2 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ितों का आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। न्यायालय के आदेश के बाद भूपालसागर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस रिपोर्ट के अनुसार नया हड़मतिया निवासी रतनलाल (28), भैरूलाल (30) और गोपाल (26), जो मकान निर्माण कार्य से जुड़े कारीगर हैं, की पहचान नया आजणा (थाना रेलमगरा, जिला राजसमंद) निवासी राजू उर्फ देवीलाल जाट से हुई। आरोप है कि राजू ने स्वयं को हिंदुस्तान जिंक दरीबा का बड़ा ठेकेदार बताते हुए तीनों को अस्थायी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया।

परिवाद के अनुसार आरोपी ने घरेलू और व्यावसायिक जरूरत का हवाला देते हुए छह माह में राशि लौटाने का वादा कर 2 लाख रुपये मांगे। इस पर परिवादियों ने उस पर विश्वास करते हुए 1.50 लाख रुपये नकद और 50 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। तय समय बीतने के बाद न तो उन्हें नौकरी मिली और न ही उनकी रकम वापस लौटाई गई।

रिपोर्ट में यह भी आरोप लगाया गया है कि जब पीड़ित अपने रुपये मांगने के लिए आरोपी के गांव नया आजणा पहुंचे तो उसने गाली-गलौज की, मारपीट पर उतारू हो गया और उन्हें कोर्ट-कचहरी में उलझाने के साथ जान से मारने की धमकी दी। कानूनी नोटिस भेजने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिलने पर पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक और न्यायालय की शरण ली।

जेएम कोर्ट कपासन के आदेश के बाद भूपालसागर थाना पुलिस ने 9 मई 2026 को आरोपी राजू उर्फ देवीलाल के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(2) एवं 318(4) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उप-निरीक्षक तेजमल मीणा को सौंपी गई है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। न्यायालय के आदेश के बाद दर्ज इस मामले ने नौकरी दिलाने के नाम पर कथित ठगी और उससे जुड़े आरोपों की जांच को कानूनी प्रक्रिया के दायरे में पहुंचा दिया है।

Arvind Garg, Bhupalsagar

Arvind Garg, Bhupalsagar

नाम: अरविंद गर्ग

वर्तमान पद: संवाददाता

कार्यक्षेत्र: उपखण्ड भूपालसागर, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): क्राइम (अपराध) व राजनीति

अनुभव: 13 साल

परिचय

अरविंद गर्ग चित्तौड़गढ़ जिले के भूपालसागर उपखंड क्षेत्र के संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से जमीनी स्तर की खोजी और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं। अरविंद गर्ग अपने उपखंड और उसके आसपास के क्षेत्रों में क्राइम, राजनीति, सामाजिक-आर्थिक मुद्दों, स्थानीय विकास और जनहित से जुड़े विषयों पर निष्पक्ष रिपोर्टिंग करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

स्नातक (Graduate)

Next Story