भूपालसागर। प्रातःकाल संवाददाता अरविंद गर्ग के अनुसार, स्थानीय ग्राम पंचायत मुख्यालय पर आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में दर्जनों जनसमस्याओं का मौके पर ही निस्तारण कर ग्रामीणों को राहत प्रदान की गई। शिविर में उपखंड अधिकारी महेश गगोरिया, तहसीलदार अपूर्व गौतम, विकास अधिकारी मुकेश पोरवाल, ग्राम पंचायत प्रशासक प्यारचंद भील, अतिरिक्त विकास अधिकारी देवीलाल जाट, उपप्रधान प्रतिनिधि देशराज गुर्जर, पंचायत समिति सदस्य सुरेश गाडरी, ग्राम विकास अधिकारी नवनीत सोनी और सहायक ग्राम विकास अधिकारी गजेंद्र टांक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर त्वरित समाधान किया।


प्रशासनिक स्तर पर राजस्व और पंचायत संबंधी मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए सीमा जानकारी के 22 प्रकरणों, आपसी बंटवारे के 3 और शुद्धिकरण के 22 मामलों का समाधान किया गया। प्रशासन ने 19 परिवारों को पट्टों का वितरण किया, साथ ही 9 घुमंतू परिवारों को भी पट्टे देकर लाभान्वित किया। शिविर में मूल निवास और जाति प्रमाण पत्र के 9 मामले निपटाए गए और करीब 250 मामलों में ग्रामीणों को आवश्यक मार्गदर्शन दिया गया।

योजनाओं के क्रियान्वयन के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना में द्वितीय किस्त के 9 और तृतीय किस्त के 15 मामले स्वीकृत किए गए, जबकि व्यक्तिगत शौचालय निर्माण के 7 मामलों को मंजूरी दी गई। विद्युत विभाग ने ढीले तारों से जुड़ी 7 शिकायतों का समाधान और 1 मीटर सुधार का कार्य पूर्ण किया। कृषि विभाग ने 5 किसानों को बैलजोड़ी की राशि स्वीकृत की। साथ ही, खाद्य सुरक्षा के 22 और पेंशन के 2 आवेदन प्राप्त कर अग्रिम कार्रवाई शुरू की गई।

शिविर में स्वास्थ्य, पशुपालन और महिला एवं बाल विकास विभाग की सक्रिय भागीदारी रही। चिकित्सा विभाग द्वारा 241 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई। महिला एवं बाल विकास विभाग ने 2 गोद भराई, 2 अन्नप्राशन और 2 जन्म दिवस कार्यक्रम आयोजित किए। इसके अतिरिक्त 5 वरिष्ठ नागरिकों के पास बनाए गए। पशुपालन विभाग ने 102 बीमार पशुओं का उपचार किया और 16 पशुओं का ‘मंगला पशु बीमा’ सुनिश्चित किया। प्रशासन द्वारा शिविर के माध्यम से समस्याओं के त्वरित समाधान से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story