भूपालसागर के पुराने पुलिस थाना परिसर में सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने के उद्देश्य से सीएलजी (कम्युनिटी लाइजन ग्रुप) बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीवाईएसपी हरीश भारती और सीआई रणजीत सिंह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। शासन के निर्देशों के अनुसार सीमावर्ती, सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील और विशेष अपराध प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस के आला अधिकारियों की मौजूदगी में ऐसी बैठकें आयोजित की जानी हैं।

बैठक को संबोधित करते हुए डीवाईएसपी हरीश भारती ने कहा कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सीएलजी सदस्यों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सदस्यों से अपने आसपास होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

सीआई रणजीत सिंह ने बैठक में मौजूद सीएलजी सदस्यों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी सकारात्मक सुझावों का रिकॉर्ड रखा जा रहा है और पुलिस प्रशासन की ओर से उन पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

बैठक के दौरान सीएलजी सदस्य सुरेश गाडरी ने कस्बे में अवैध शराब बिक्री का मुद्दा उठाया। इस पर डीवाईएसपी हरीश भारती ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आबकारी विभाग को सूचित किया तथा भूपालसागर सीआई को अवैध शराब बिक्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक का समापन सामुदायिक पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने और पुलिस-जन सहयोग को मजबूत करने पर जोर के साथ हुआ।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story