भूपालसागर में एमएसपी पर चना तौल केंद्र खोलने की मांग, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
चित्तौड़गढ़ के भूपालसागर में चने की बंपर पैदावार के बीच किसानों ने परिवहन खर्च कम करने के लिए उपखंड मुख्यालय पर सरकारी खरीद केंद्र की मांग की है।

भूपालसागर (चित्तौड़गढ़)। क्षेत्र में चने की बम्पर पैदावार के बावजूद सरकारी खरीद केंद्र की अनुपलब्धता ने किसानों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। किसानों की इसी ज्वलंत समस्या को देखते हुए पंचायत समिति सदस्य सुरेश गाडरी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने उपखंड अधिकारी महेश गगोरिया को ज्ञापन सौंपकर भूपालसागर उपखंड मुख्यालय पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर चना खरीद हेतु नया तौल केंद्र स्थापित करने की पुरजोर मांग की है।
ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया गया कि चालू सीजन में क्षेत्र में चने की पैदावार में भारी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है, लेकिन स्थानीय स्तर पर तौल केंद्र की सुविधा न होने से कृषक समुदाय को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान व्यवस्था के तहत किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लगभग 12 किलोमीटर की लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। इस लंबी दूरी के कारण न केवल परिवहन खर्च में अप्रत्याशित वृद्धि हो रही है, बल्कि किसानों के शुद्ध मुनाफे पर भी सीधा प्रहार हो रहा है। किसानों का तर्क है कि यदि उपखंड मुख्यालय पर ही तौल केंद्र का संचालन प्रारंभ हो जाता है, तो स्थानीय काश्तकारों को समय और धन दोनों की बड़ी बचत होगी।
किसान संघ अध्यक्ष एवं पंचायत समिति सदस्य सुरेश गाडरी ने प्रशासन से आग्रह किया है कि किसानों के व्यापक हित और उनकी आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए अतिशीघ्र यहाँ अतिरिक्त चना केंद्र शुरू किया जाए। इस अवसर पर क्षेत्र के कई जागरूक किसान और जन प्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिन्होंने एक स्वर में इस मांग का समर्थन करते हुए इसे क्षेत्र की अनिवार्य आवश्यकता बताया।
इनका कहना है:
क्षेत्र में चने की पैदावार अच्छी है, लेकिन केंद्र दूर होने से किसान परेशान हैं। मुख्यालय पर केंद्र खुलने से सैकड़ों किसानों को बड़ी राहत मिलेगी।
— सुरेश गाडरी, पंचायत समिति सदस्य

Arvind Garg, Bhupalsagar
नाम: अरविंद गर्ग
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: उपखण्ड भूपालसागर, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): क्राइम (अपराध) व राजनीति
अनुभव: 13 साल
परिचय
अरविंद गर्ग चित्तौड़गढ़ जिले के भूपालसागर उपखंड क्षेत्र के संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से जमीनी स्तर की खोजी और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं। अरविंद गर्ग अपने उपखंड और उसके आसपास के क्षेत्रों में क्राइम, राजनीति, सामाजिक-आर्थिक मुद्दों, स्थानीय विकास और जनहित से जुड़े विषयों पर निष्पक्ष रिपोर्टिंग करते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
स्नातक (Graduate)
