भूपालसागर में भाजपा का चुनावी महामंथन, सर्वे से तय होगा जिताऊ प्रत्याशी का टिकट
भूपालसागर में भाजपा की संयुक्त बैठक में पंचायत चुनाव की रणनीति पर मंथन हुआ। विधायक अर्जुन लाल जीनगर ने सर्वे के आधार पर टिकट और स्थानीय दावेदारों पर रुख स्पष्ट किया, वहीं 15 वार्डों में जीत का संकल्प लिया गया।

तस्वीर में भूपालसागर में आयोजित भाजपा की संयुक्त बैठक के दौरान कपासन विधायक अर्जुन लाल जीनगर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नजर आ रहे हैं।
भूपालसागर। आगामी त्रिस्तरीय पंचायत राज चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी के भूपालसागर एवं आकोला मंडल की संयुक्त बैठक बड़ले वाले बालाजी मंदिर प्रांगण में आयोजित हुई। राजनीतिक सरगर्मियों के बीच बैठक की शुरुआत भाजपा कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में हनुमान चालीसा का पाठ कर की। बैठक में पंचायत समिति सदस्य के संभावित उम्मीदवारों को लेकर मंथन हुआ और स्थानीय स्तर पर मजबूत उम्मीदवारों के चयन पर जोर दिया गया।
बैठक के मुख्य अतिथि कपासन विधायक अर्जुन लाल जीनगर रहे। अध्यक्षता भूपालसागर मंडल अध्यक्ष एवं पूर्व प्रधान हेमेंद्र सिंह राणावत ने की।
बैठक के दौरान पंचायत समिति सदस्य के संभावित उम्मीदवारों पर चर्चा के बीच विधायक जीनगर का सख्त और गंभीर रुख सामने आया। उन्होंने बैठक में मौजूद प्रत्येक ग्राम पंचायत क्षेत्र से आए भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की संख्या की व्यक्तिगत रूप से जानकारी ली। जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की उपस्थिति का विधायक द्वारा बारीकी से हिसाब लिया जाना बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं के बीच चर्चा का विषय रहा।
कार्यकर्ताओं के बीच यह संदेश गया कि पंचायत समिति सदस्य के टिकट वितरण में किसी प्रकार की लापरवाही या सिफारिश के बजाय धरातल पर मजबूत और जिताऊ उम्मीदवार के चयन पर जोर दिया जाएगा।
बैठक में कार्यकर्ताओं ने स्थानीय चेहरे को ही चुनावी मैदान में उतारने की मांग रखी। इस पर विधायक जीनगर ने कहा कि टिकट स्थानीय दावेदार को ही दिया जाएगा। उन्होंने कहा, "एक वार्ड से 4-5 दावेदार सामने आएंगे, लेकिन टिकट किसी एक को ही मिलेगा। टिकट न मिलने पर कार्यकर्ता आपसी खींचतान या बगावत न करें, बल्कि कमल के निशान को जिताने के लिए समर्पित भाव से जुट जाएं।"
टिकट वितरण प्रक्रिया को लेकर विधायक ने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। टिकट वितरण के लिए दोनों मंडल अध्यक्षों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की एक संयुक्त समिति बनेगी, जो जमीनी सर्वे करेगी। इसके साथ ही मुख्यमंत्री स्तर पर भी गुप्त सर्वे कराया जाएगा। दोनों रिपोर्टों के मिलान के आधार पर योग्य उम्मीदवार तय होगा।
विधायक ने कहा कि कई बार संगठन स्तर पर अप्रत्याशित निर्णय भी होते हैं। ऐसे में व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा छोड़कर सभी का एकमात्र लक्ष्य भूपालसागर पंचायत समिति में भाजपा का बोर्ड बनाना होना चाहिए। उन्होंने सभी 15 वार्डों में ऐतिहासिक जीत का आह्वान किया। इस पर उपस्थित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हाथ उठाकर एकजुटता का संकल्प लिया।
भूपालसागर मंडल अध्यक्ष एवं पूर्व प्रधान हेमेंद्र सिंह राणावत ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि चुनाव पूरी तरह 'लोकल फॉर वोकल' की नीति पर लड़ा जाएगा। उन्होंने बालाजी मंदिर प्रांगण में कार्यकर्ताओं से बिना किसी निजी स्वार्थ के सभी 15 वार्डों में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का संकल्प लेने का आह्वान किया, ताकि भूपालसागर से संगठन और प्रदेश नेतृत्व (मुख्यमंत्री) तक सकारात्मक संदेश पहुंचे।
बैठक में आकोला मंडल अध्यक्ष शंभू लाल गाडरी, एसटी मोर्चा जिलाध्यक्ष पन्ना लाल भील, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष कर्नल सिंह कांकरवा, वरिष्ठ भाजपा नेता संपत बोरदिया, रूपसिंह राणावत, लीलाधर जोशी, बलवंत सिंह ओस्तवाल, पूर्व प्रधान प्रतिनिधि प्रताप सिंह भाटी, गोविंद विजयवर्गीय, पूर्व प्रशासक प्यारचंद भील तथा देवी लाल विजयवर्गीय सहित कई प्रमुख पदाधिकारी और कार्यकर्ता मंचासीन रहे।
कार्यक्रम के अंत में क्षेत्र के दिवंगत भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के परिजनों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
बैठक में पंचायत समिति के सभी 15 वार्डों में संगठन की एकजुटता, स्थानीय दावेदारों और सर्वे के आधार पर टिकट चयन को लेकर पार्टी की चुनावी रणनीति स्पष्ट रूप से सामने आई। इस दौरान कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर का बाईट भी लिया गया।

Arvind Garg, Bhupalsagar
नाम: अरविंद गर्ग
वर्तमान पद: संवाददाता
कार्यक्षेत्र: उपखण्ड भूपालसागर, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): क्राइम (अपराध) व राजनीति
अनुभव: 13 साल
परिचय
अरविंद गर्ग चित्तौड़गढ़ जिले के भूपालसागर उपखंड क्षेत्र के संवाददाता हैं। वह मुख्य रूप से जमीनी स्तर की खोजी और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग पर ध्यान केंद्रित करते हैं। अरविंद गर्ग अपने उपखंड और उसके आसपास के क्षेत्रों में क्राइम, राजनीति, सामाजिक-आर्थिक मुद्दों, स्थानीय विकास और जनहित से जुड़े विषयों पर निष्पक्ष रिपोर्टिंग करते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
स्नातक (Graduate)
