राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भूपालनगर में शारीरिक शिक्षक महेंद्र सिंह राणावत के सेवा निवृत्त होने पर हर्षोल्लास पूर्वक विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रूप सिंह राणावत मुख्य अतिथि, श्री पीओ विक्रम सिंह अध्यक्ष तथा पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष समाजसेवी गोपाल गुर्जर, पूर्व सरपंच कैलाश सालवी, शारीरिक शिक्षक जिला अध्यक्ष एवं सावंता प्रधानाध्यापक तिलकेश आचार्य विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए रूप सिंह राणावत ने कहा कि महेंद्र सिंह राणावत ने राजकीय सेवा के दौरान जहां भी कार्य किया, अपने व्यवहार से अधिकारियों और ग्रामीणों के दिल जीतते हुए विद्यालय विकास के लिए भामाशाहों को निरंतर प्रेरित किया। इसी कारण उनकी विदाई के समय सभी की आंखें नम दिखाई दे रही हैं। उन्होंने परिवार की ओर से भी भविष्य में इसी प्रकार की अपेक्षाएं व्यक्त कीं।

प्रधानाचार्य तिलकेश आचार्य ने जानकारी देते हुए बताया कि महेंद्र सिंह राणावत ने 31 वर्ष की राजकीय सेवा में से 26 वर्ष भूपालनगर विद्यालय में कार्य किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों के साथ आत्मीय संबंध बनाए रखते हुए हमेशा विद्यालय विकास के लिए प्रयास किए और भामाशाहों के सहयोग से विभिन्न कार्य करवाए।

शिक्षक बद्री लाल टेलर ने कहा कि राणावत के सेवा निवृत्त होने से विद्यालय को उनकी कमी हमेशा खलेगी। उन्होंने प्रधानाध्यापक और अन्य शिक्षकों के साथ मिलकर गांव के भामाशाहों को प्रेरित कर विद्यालय परिसर में टीनशेड, साइकिल स्टैंड, पानी की टंकी, साउंड सिस्टम सहित अनेक विकास कार्य करवाए।

कार्यक्रम के दौरान परिवारजन, ग्रामीणों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने राणावत को ससम्मान विदाई दी और उनके स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कामना की। इस अवसर पर सेवानिवृत्त महेंद्र सिंह राणावत ने विद्यालय और ग्रामीणों से आत्मीय संबंधों का उल्लेख करते हुए अपने स्वर्गीय माता-पिता की स्मृति में दो लाख रुपए की लागत से विद्यालय में प्रवेश द्वार निर्माण कराने की घोषणा कर विद्यालय के प्रति अपना समर्पण व्यक्त किया।

राणावत ने सभी का आभार प्रकट करते हुए छात्र-छात्राओं को नियमित अध्ययन कर अपने माता-पिता, गांव और क्षेत्र का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी तथा स्वस्थ जीवन के लिए नियमित व्यायाम करने की सलाह दी।

कार्यक्रम का संचालन शिक्षक किशन खंडेलवाल और व्याख्याता हीरालाल गाडरी ने किया, जबकि आभार प्रधानाचार्या गीता सैनी ने व्यक्त किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने विदाई गीत प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में कालू राम जाट, सुरेश सालवी, गोपाल जाट, मुकेश तेली सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।

अंत में शिक्षकों, ग्रामीणों और छात्र-छात्राओं ने राणावत को तिलक टीका लगाकर श्रीफल भेंट किया, साफा पहनाकर सांवरिया जी की तस्वीर भेंट की तथा गुलाल लगाकर ढोल-धमाकों के साथ सम्मानपूर्वक विदा किया। यह आयोजन विद्यालय और ग्रामीण समुदाय के बीच मजबूत संबंधों और सेवा भावना के स्थायी प्रभाव को दर्शाता है।a

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story