भूपालनगर ग्राम पंचायत के अटल सेवा केंद्र परिसर में गुरुवार को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की मोबाइल एलईडी वैन ‘ग्राम रथ’ एवं लोक कला मंडल के कलाकारों द्वारा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम रथ के आगमन पर सहायक विकास अधिकारी देवीलाल जाट, सरपंच पति चतरा भील, ग्राम विकास अधिकारी सीता प्रजापत तथा समाजसेवी गोपाल गुर्जर की उपस्थिति में हुआ, जहां रथ का फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। इसके पश्चात रथ एवं लोक कला मंडल के कलाकारों ने ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की तथा अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

पंचायत समिति सदस्य सत्यनारायण अहीर ने कहा कि राज्य में भाजपा सरकार बनने के बाद पिछले ढाई वर्षों में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने बताया कि नवीकरणीय ऊर्जा, जल प्रबंधन, स्वास्थ्य सुरक्षा, जनकल्याण, महिलाओं के आर्थिक उत्थान एवं जनजातीय क्षेत्रों के विकास के कार्यों से हजारों लोग लाभान्वित हुए हैं।

इस अवसर पर कृषि विभाग के सहायक अभियंता प्रभु लाल खटीक तथा कृषि पर्यवेक्षक विष्णु मेनारिया ने ग्राम रथ के माध्यम से कृषि, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, सिंचाई सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। कार्यक्रम में योजनाओं से संबंधित पुस्तिकाओं का वितरण भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान जम्बेश्वर लोक कला मंडल केसर खेड़ी की टीम के प्रभारी नाथू लाल पुरबिया के सानिध्य में कलाकार गोपाल दास, जीवन रावल, राजू बारेठ सहित अन्य कलाकारों ने राजस्थानी लोक संगीत एवं भजन की प्रस्तुति दी तथा गवरी नृत्य के माध्यम से सरकारी योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार किया।

कार्यक्रम में एएसआई तेजमल मीणा, एलडीसी आशा खटीक, पटवारी अजय शर्मा, ग्रामीण संपत जाट, मुकेश तेली, कालू सिंह राजपूत, किशन गाडरी, कालूराम जाट, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण स्तर तक सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना तथा जनजागरूकता बढ़ाना रहा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story