चित्तौड़गढ़: भारत विकास परिषद की संगोष्ठी में राष्ट्र निर्माण और संस्कारों पर मंथन
चित्तौड़गढ़ में आयोजित संवाद कार्यक्रम में राष्ट्रीय संगठन मंत्री सुरेश जैन ने बच्चों को संस्कारित बनाने और राष्ट्र निर्माण में प्रबुद्ध वर्ग की भूमिका पर जोर दिया।

चित्तौड़गढ़। भारत विकास परिषद (भाविप) के तत्वावधान में आयोजित 'प्रबुद्ध एवं समृद्ध वर्ग का राष्ट्र निर्माण में योगदान' विषयक संपर्क एवं संवाद कार्यक्रम में राष्ट्र निर्माण की दिशा में परिवार की भूमिका और संस्कारों के महत्व पर गहन मंथन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मॉं भारती एवं स्वामी विवेकानन्द के चित्र के समक्ष राष्ट्रीय संगठन मंत्री सुरेश जैन, क्षेत्रीय महासचिव संदीप बाल्दी, मेवाड़ विश्वविद्यालय के कुलगुरू प्रो. डॉ. आलोक मिश्रा, संजीव भारद्वाज, कमल जैन, बालकृष्ण धूत, गोविन्द गदिया तथा शशी सनाढ्य द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर परिषद की बहनों द्वारा वंदेमातरम् का गान किया गया तथा कमल जैन ने अतिथियों का परिचय प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए राष्ट्रीय संगठन मंत्री सुरेश जैन ने कहा कि भारत विकास परिषद अपने पांच मुख्य आयामों—संपर्क, सेवा, संस्कार, पर्यावरण एवं महिला सहभागिता—के माध्यम से स्वस्थ, समर्थ और संस्कारित भारत के निर्माण हेतु पूर्णतः दृढ़ संकल्पित है। विशिष्ट अतिथि संदीप बाल्दी ने परिषद के कार्यकलापों पर प्रकाश डालते हुए वर्तमान परिप्रेक्ष्य में परिवार और बच्चों के लालन-पालन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में माताओं को बच्चों के हाथों में मोबाइल देने के स्थान पर उन्हें अपना अमूल्य समय और संस्कार प्रदान करने की महती आवश्यकता है।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित संवाद सत्र में कोमल पोखरना, डॉ. आर.एल. मारू, सत्यनारायण काबरा, अमरकंठ उपाध्याय, राजेश खंडेलवाल, दिलीप सिंह, उमेश तोतला और सुशीला लढ्ढ़ा ने राष्ट्र एवं समाज से जुड़ी ज्वलंत समस्याओं पर प्रश्न किए तथा अपने सुझाव रखे। इन जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए सुरेश जैन ने कहा कि यदि मन में देश की समस्याओं को लेकर चिंता या भय है, तो उनके निराकरण के लिए विधिवत सर्वे कर ठोस योजनाएं तैयार करनी होंगी।
इस महत्वपूर्ण संगोष्ठी में अरविन्द मून्दडा, डॉ. आई.एम. सेठिया, सरोज नाहर, अर्चना मोदानी, सुधा जागेटिया, भागचंद मूंदड़ा, किशन पिछोलिया, सुरेश शर्मा, प्रेमप्रकाश विजयवर्गीय, अतुल सिसोदिया, दिलीप नन्दावत, कपिल नाहर, कैलाश चन्द्र तोतला, अशोक भराडिया, सतीष मन्डोवरा, आर.के. पोखरना, विमला सेठिया सहित शहर के प्रबुद्ध समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। साथ ही भाविप के पदाधिकारी बादशाह सिंह, एस.एन. समदानी, दिनेश काबरा, कैलाश न्याति एवं स्थानीय कार्यकारिणी के सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन हुआ।

