बड़ी सादड़ी में 11 दिवसीय भैरव भक्ति महोत्सव का समापन, मेहता परिवार ने चढ़ाया वार्षिक ध्वज
बड़ी सादड़ी में 11 दिवसीय भैरव भक्ति महोत्सव का समापन हुआ। मेहता परिवार ने अभिजीत मुहूर्त में भैरुजी बावजी मंदिर पर वार्षिक ध्वज चढ़ाया। इसके बाद महाआरती और गौतम महाप्रसादी का आयोजन हुआ।

तस्वीर में बड़ी सादड़ी में भैरव भक्ति महोत्सव के दौरान मेहता परिवार के सदस्य हाथों में लाल ध्वज लेकर नंगे पांव शोभायात्रा निकालते हुए नजर आ रहे हैं.
बड़ी सादड़ी में आयोजित 11 दिवसीय भैरव भक्ति महोत्सव का समापन हो गया। अंतिम दिन मेहताओं के भैरुजी बावजी मंदिर पर वार्षिक ध्वज चढ़ाया गया। पूरे विधि-विधान और मंत्रोच्चारण के साथ भैरव देव के जयकारों के बीच अभिजीत मुहूर्त में स्व. सरदार सिंह, देवेंद्र कुमार, गणेश कुमार और नीलेश कुमार मेहता परिवार ने मंदिर शिखर पर ध्वज चढ़ाया।
ध्वज यात्रा मेहता परिवार के घर से शुरू हुई। यात्रा में बैंड-बाजे और मंदसौरी ढोल की धुनें बजती रहीं। परिवार के सदस्य ध्वज को हाथों में लेकर नंगे पांव यात्रा में शामिल हुए। यात्रा झाला मन्ना सर्कल, घंटाघर चौराहा, शोभनाथ मार्केट, ब्रह्मपुरी और जैन मंदिर सहित मुख्य रास्तों से होते हुए भैरव मंदिर परिसर पहुंची। यहां मंत्रोच्चारण के बीच मेहता परिवार ने भैरव देव के मंदिर पर वार्षिक ध्वज चढ़ाया। इसके बाद भैरव देव की महाआरती की गई।
आयोजन समिति की ओर से ध्वज चढ़ाने वाले मेहता परिवार का सम्मान किया गया। परिवार के सदस्यों को मेवाड़ी पगड़ी और उपरना पहनाकर अभिनंदन किया गया। समिति अध्यक्ष दिलीप मेहता, मंत्री नमन मेहता, कोषाध्यक्ष रवि मेहता और महामंत्री मोहित मोनू मेहता सहित सभी पदाधिकारियों ने 11 दिवसीय भैरव भक्ति महोत्सव को सफल बनाने के लिए सभी सहयोगियों और श्रद्धालुओं का धन्यवाद किया।
महोत्सव के समापन पर गौतम महाप्रसादी का आयोजन भी किया गया। भैरव भक्ति महोत्सव कमेटी ने सकल जैन समाज के लिए ओसवाल समाज के पंचायती नोहरे में महाप्रसादी आयोजित की। इसमें बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने प्रसाद लिया। प्रसाद का खर्च जीवन सिंह, दिलीप कुमार और दीपेश कुमार मेहता परिवार ने उठाया। सभी श्रद्धालुओं को महाप्रसाद बांटा गया। इस आयोजन के साथ बड़ी सादड़ी में 11 दिवसीय भैरव भक्ति महोत्सव का समापन हुआ।

Pradeep Vaishnav, Chittorgarh
नाम: प्रदीप वैष्णव
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: बड़ी सादड़ी तहसील
अनुभव: 26 साल (सन 2000 से 'प्रातःकाल' के साथ कार्यरत)
परिचय
प्रदीप वैष्णव बड़ी सादड़ी तहसील क्षेत्र के एक अनुभवी पत्रकार हैं। वह स्थानीय समाचारों, सामाजिक गतिविधियों, शिक्षा और क्राइम रिपोर्टिंग के क्षेत्रों में मुख्य रूप से सक्रिय हैं। वह सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़े विषयों में विशेष रुचि रखते हैं। तथ्यात्मक और सरल रिपोर्टिंग को प्राथमिकता देना तथा जनहित से संबंधित विषयों को निष्पक्ष रूप से प्रस्तुत करना उनकी कार्यशैली का हिस्सा है।
बीट और विशेषज्ञता
- स्थानीय समाचार: बड़ी सादड़ी तहसील और आसपास के क्षेत्रों से जुड़े स्थानीय व सामाजिक मुद्दों की रिपोर्टिंग।
- क्राइम: क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, पुलिस कार्रवाई और अपराध से जुड़े मामलों की कवरेज।
- शिक्षा: शैक्षणिक गतिविधियां, विद्यार्थियों से जुड़े विषय और शिक्षा संबंधी समाचार।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
B.A. जर्नलिज्म (पत्रकारिता में स्नातक)
