धरणीधर भगवान का जन्मोत्सव 3 सितंबर को, निंबाहेड़ा में निकलेगी भव्य शोभायात्रा
निंबाहेड़ा में 3 सितंबर को भगवान श्री धरणीधर का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। भव्य शोभायात्रा के मार्ग और आयोजन की तैयारियां पूरी की जा रही हैं।

तस्वीर में धाकड़ समाज के लोग निंबाहेड़ा स्थित छात्रावास के बाहर भगवान श्री धरणीधर के जन्मोत्सव के पोस्टर थामे हुए खड़े हैं।
निंबाहेड़ा में धाकड़ समाज के आराध्य देव भगवान श्री धरणीधर का जन्मोत्सव 3 सितंबर को मनाया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर 23 अगस्त, रविवार को निंबाहेड़ा से उदयपुर मार्ग पर स्थित धाकड़ समाज छात्रावास में बैठक आयोजित की गई।
अखिल भारतीय धाकड़ युवा संघ के राष्ट्रीय प्रवक्ता सागरमल धाकड़ ने बताया कि भगवान श्री धरणीधर के जन्मोत्सव की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक वरिष्ठ समाजसेवियों एवं समाज के विभिन्न पदाधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में 3 सितंबर को आयोजित होने वाली भव्य शोभायात्रा को लेकर तैयारियों पर चर्चा की गई।
भगवान श्री धरणीधर की शोभायात्रा धरणीधर सर्कल से प्रारंभ होगी। इसके बाद शोभायात्रा आरएसईबी चौराहा, मंडी चौराहा, चंदन चौक, रेलवे स्टेशन, पीपल चौक, कासोद दरवाजा, बस स्टैंड और स्वामी विवेकानंद हॉस्पिटल के बाहर होते हुए उदयपुर रोड स्थित धाकड़ समाज छात्रावास पहुंचकर संपन्न होगी।
कार्यक्रम में निंबाहेड़ा, छोटी सादड़ी, बड़ी सादड़ी, चित्तौड़गढ़, जावद, नीमच एवं आसपास के स्वजातीय बंधु उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में समाज की ओर से 101 प्रभात फेरियों को भी आमंत्रित किया गया है।
भगवान श्री धरणीधर के जन्मोत्सव को लेकर आयोजित बैठक में समाज के वरिष्ठजनों और पदाधिकारियों की सहभागिता के साथ 3 सितंबर को होने वाली शोभायात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने की दिशा में चर्चा की गई।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
