बेगूं में श्री विश्वकर्मा जांगीड़ लौहार समाज सेवा संस्थान के तत्वावधान में केसरिया चौक मंदिर परिसर में आयोजित दो दिवसीय भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा महोत्सव के तहत गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ निकाली गई। नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी इस रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया, जिससे पूरे मार्ग पर भक्तिमय वातावरण बना रहा।

महोत्सव की शुरुआत सुबह वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान के अभिषेक एवं हवन के साथ हुई। धार्मिक अनुष्ठानों के उपरांत गौतम आश्रम बड़ा बालाजी से भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा रवाना हुई। रथ के साथ चल रहे श्रद्धालु लगातार जयकारे लगाते रहे, जबकि मार्ग में विभिन्न स्थानों पर लोगों ने भगवान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।

रथयात्रा के दौरान नगर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भव्य स्वागत किया। केसरिया चौक में परशुराम मित्र मंडल ने रथयात्रा का स्वागत किया। सैन समाज मंदिर के समीप होली चौक पर शिवमित्र मंडल की ओर से पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया गया। वहीं लालबाई-फूलबाई चौक पर भाजपा नगर महामंत्री राकेश गुर्जी के सौजन्य से भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा पर पुष्पवर्षा की गई तथा श्रद्धालुओं को फरियाली खिचड़ी का वितरण किया गया।

रथयात्रा में महिलाओं, युवाओं और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे मार्ग में भजन-कीर्तन, जयघोष और धार्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा। आयोजन समिति ने महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सामाजिक संगठनों, कार्यकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story