निम्बाहेड़ा: भदेसर में युवक की हत्या का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
शराब के नशे में मोबाइल को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपियों ने पप्पू भील की हत्या कर शव कुएं में फेंका था; साढ़े तीन महीने बाद हुआ खुलासा।

निम्बाहेड़ा। चित्तौड़गढ़ जिले के भदेसर थाना क्षेत्र अंतर्गत भीलगट्टी के बीहड़ इलाके में एक कुएं से बरामद हुए क्षत-विक्षत शव के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोप में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने शराब के नशे में हुए मामूली विवाद के बाद युवक की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को कुएं में फेंक दिया था।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी के अनुसार, 28 अप्रैल 2026 को भदेसर थाना पुलिस को भीलगट्टी गांव के समीप बीहड़ में स्थित एक कुएं में अज्ञात शव होने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंची पुलिस ने सिविल डिफेंस की टीम की सहायता से शव को बाहर निकलवाया। शव अत्यंत क्षत-विक्षत अवस्था में होने के कारण पहचान योग्य नहीं था। तफ्तीश के दौरान पुलिस को ज्ञात हुआ कि लढेर निवासी पप्पू भील (25) पिता मोहन भील पिछले 2-3 माह से लापता है, जिसके माता-पिता का पूर्व में देहांत हो चुका है और पत्नी डेढ़ वर्ष पूर्व अपनी पुत्री के साथ पीहर जा चुकी है। परिवार में कोई अन्य सदस्य न होने के कारण उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट तक दर्ज नहीं कराई गई थी।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन एवं डीएसपी भदेसर विनोद कुमार के पर्यवेक्षण में थानाधिकारी विनोद मेनारिया के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस बीच 27 अप्रैल 2026 की शाम को सोशल मीडिया पर एक युवक का वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह पप्पू भील की हत्या कर शव कुएं में डालने की बात स्वीकार कर रहा था। पुलिस ने इस वीडियो का संज्ञान लेते हुए मृतक के काका माधु भील को तलब किया और उनकी रिपोर्ट पर हत्या, साक्ष्य नष्ट करने एवं आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में मामला दर्ज किया। शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर डीएनए सैंपल सुरक्षित किए गए।
पुलिस टीम ने वीडियो के आधार पर संदिग्धों को डिटेन कर सघन पूछताछ की, जिसमें आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि यह हत्याकांड करीब साढ़े तीन महीने पुराना है। घटनास्थल अभियुक्तों का नियमित शराब पीने का ठिकाना था। उस दिन शराब पीने के दौरान मृतक पप्पू भील ने अभियुक्त दिनेश भोई का मोबाइल छिपा दिया था। मोबाइल वापस मांगने पर जब विवाद बढ़ा, तो आरोपियों ने नशे की हालत में पप्पू भील के सिर पर लकड़ी के डंडे से वार किया और गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया। पहचान छुपाने के लिए उन्होंने शव को पास के ही कुएं में फेंक दिया था।
पुलिस ने इस मामले में चांदमल उर्फ चांदू भील (20) निवासी आंतरी, कान्हा उर्फ किशन भील (22) निवासी भीलगट्टी और दिनेश रावल (30) निवासी भीलगट्टी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य नामजद आरोपी की तलाश जारी है। इस सफल कार्रवाई में थानाधिकारी विनोद मेनारिया के साथ एएसआई तंवर सिंह, निहाल सिंह, हेड कांस्टेबल रामनारायण, कांस्टेबल राजपाल, दुर्गाशंकर, सुरेंद्रपाल, झाबरमल, रतन सिंह, धर्मेंद्र, पंकज रामेश्वर और श्रवण की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस खुलासे ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था के प्रति पुलिस की मुस्तैदी को एक बार फिर साबित किया है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
