बेगूं के आचलिया मोहल्ला निवासी भावेश वैष्णव के आत्महत्या करने की हृदयविदारक घटना ने पूरे कस्बे को झकझोर कर रख दिया है। अर्जुन दास वैष्णव के पुत्र भावेश ने अपने घर पर फांसी लगाकर जीवनलीला समाप्त कर ली। परिजनों द्वारा उसे तत्काल उप जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस की देखरेख में शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। इस घटना ने क्षेत्र में पैर पसारते अवैध नशे के कारोबार और युवाओं की बर्बादी के दर्दनाक सच को एक बार फिर सार्वजनिक कर दिया है। भावेश की मां लंबे समय से उसे नशे की दलदल से बाहर निकालने के लिए संघर्ष कर रही थी, लेकिन दुर्भाग्यवश उनकी सभी कोशिशें विफल रहीं।

क्षेत्र में नशे की लत से उपजे इस संकट पर आमजन में गहरा आक्रोश है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह कोई छिटपुट घटना नहीं है, बल्कि नशे के कारण कई परिवार सामाजिक और आर्थिक रूप से बर्बाद हो चुके हैं। पिछले महीने आयोजित सीएलजी की बैठक में भी प्रबुद्ध नागरिकों ने प्रशासन को इस बढ़ते अवैध कारोबार को लेकर चेताया था, लेकिन ठोस कार्रवाई न होने से जनता में नाराजगी है। स्थानीय विधायक डॉ. सुरेश धाकड़ ने भी पूर्व में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा था कि मिलीभगत के बिना इतना बड़ा नशा नेटवर्क फल-फूल नहीं सकता। उन्होंने प्रशासन से अपराधियों के खिलाफ कठोर अभियान चलाने का आग्रह किया था। अब नगरवासियों की नजरें नव पदस्थापित पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव पर टिकी हैं। लोगों को उम्मीद है कि अपनी कार्यशैली के लिए चर्चित एसपी यादव नशे के इस अवैध नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए कोई प्रभावी कदम उठाएंगे, ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को अपना चिराग न खोना पड़े।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story