बेगूं में वंदे गंगाजल संरक्षण अभियान के तहत पशुपालन एवं जल संचयन कार्यक्रम
पशुपालन विभाग ने बेगूं की श्री देव गौशाला में जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और पशुधन की सुरक्षा हेतु जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।

बेगूं की श्री देव गौशाला रूडगढ़ रायता में वंदे गंगाजल संरक्षण अभियान-2026 के अंतर्गत पशुपालन विभाग द्वारा आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में मौजूद अधिकारी एवं विभागीय कर्मी।
बेगूं। राज्य सरकार द्वारा संचालित 'वंदे गंगाजल संरक्षण अभियान-2026' के तहत बुधवार को बेगूं में व्यापक जनजागरूकता एवं सेवा कार्यों का आयोजन किया गया। पशुपालन विभाग द्वारा श्री देव गौशाला रूडगढ़ रायता में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और पशुधन की सुरक्षा के प्रति जनमानस को जागरूक करना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत गोपूजन एवं पीपल पूजन के साथ हुई। इस अवसर पर गौशाला परिसर स्थित जलकुंड की सघन सफाई कर उसे सफेद चूने से सुसज्जित किया गया। साथ ही, भीषण गर्मी के दृष्टिगत पक्षियों के लिए परिंडे बांधे गए और गौ माता को लापसी का विशेष भोग अर्पित किया गया।
पशुपालन विभाग की तकनीकी टीम ने पशुपालकों को पशुपालन से संबंधित वैज्ञानिक जानकारी प्रदान की। स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत छोटे बछड़ों को कृमीनाशक दवा पिलाई गई, साथ ही गौशाला में मौजूद रोगी पशुओं का उपचार कर आवश्यक शल्य चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी अंकित सामरिया मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए, जबकि बीडीओ सुरेश गिरी गोस्वामी ने विशिष्ट अतिथि के तौर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। अतिथियों ने अपने संबोधन में जल संरक्षण एवं गौ-संवर्धन को प्रत्येक नागरिक की नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारी बताया। उन्होंने आमजन से आह्वान किया कि इस अभियान को सरकारी प्रयासों के साथ-साथ जनभागीदारी से सफल बनाएं।
इस आयोजन को सफल बनाने में पशुपालन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. नीतीश आरबाड, डॉ. देवकिशन गुर्जर, डॉ. किरीट मीणा एवं डॉ. प्रतीक्षा कृष्णिया का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के दौरान पशुधन निरीक्षक बाबूलाल धाकड़, दिनेश जाजोरिया, भरत मीणा, फूलसिंह मीणा, संजय धाकड़, वंदित बैरागी, महेंद्र मीणा, नारायण भील और गोविंद प्रसाद सहित विभागीय कर्मी एवं बड़ी संख्या में पशुपालक उपस्थित रहे। यह आयोजन न केवल जीव दया का संदेश देने में सफल रहा, बल्कि जल संचयन के प्रति एक सशक्त सामाजिक जागरूकता का प्रतीक बनकर उभरा।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
