बेगूं। सावन के चौथे सोमवार को बेगूं नगर में भगवान महाकाल की भव्य राजसी सवारी निकाली गई। सवारी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। नगर में जगह-जगह लोगों ने भगवान शिव की पालकी और महाकाल की झांकी का पुष्पवर्षा एवं आरती के साथ स्वागत-अभिनंदन किया।

राजसी सवारी जोडेश्वर महादेव मंदिर से शुरू हुई। इसके बाद यह खुरा बाजार, पुरानी सब्जी मंडी, लालबाई-फूलबाई चौक, सदर बाजार और केसरिया चौक होते हुए श्रीलक्ष्मीनाथ मंदिर पहुंची। यहां भगवान नीलकंठ महादेव की पालकी और महाकाल की सवारी का हरिहर मिलन हुआ। हरिहर मिलन का दृश्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

सवारी के दौरान बजरंग व्यायामशाला एवं परशुराम मित्र मंडल के नेतृत्व में अखाड़ा प्रदर्शन किया गया। वहीं भस्म रमैय्या पार्टी ने भगवान शिव से जुड़ी विभिन्न सजीव झांकियों का प्रदर्शन किया। डीजे, बैंड और ढोल की धुनों के बीच पूरा नगर शिवमय नजर आया।

श्रीलक्ष्मीनाथ मंदिर से राजसी सवारी गांधी चौक, सैन समाज मंदिर, आंचलियों का मोहल्ला, नोशालियों का मोहल्ला, लालबाई-फूलबाई चौक और पुराना बस स्टैंड होते हुए श्री नीलकंठ महादेव मंदिर पहुंची। यहां भगवान नीलकंठ महादेव की महाआरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।

पूरी राजसी सवारी के दौरान बेगूं नगर में धार्मिक उल्लास का माहौल बना रहा और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों से नगर गूंज उठा। सावन के चौथे सोमवार पर निकली महाकाल की राजसी सवारी में हरिहर मिलन ने धार्मिक आयोजन का प्रमुख आकर्षण बनकर श्रद्धालुओं का ध्यान खींचा।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story