बेगूं थाना परिसर में शुक्रवार को आयोजित सीएलजी सदस्यों की बैठक में आगामी त्योहारों, चुनावी आचार संहिता और क्षेत्र की शांति एवं कानून व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक डीवाईएसपी अंकित कुड़ी, तहसीलदार गोपाल जीनगर एवं थाना अधिकारी चंपाराम के सानिध्य में आयोजित की गई।

बैठक के दौरान सीएलजी सदस्यों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और व्यवस्थाओं से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखे। डीवाईएसपी अंकित कुड़ी ने कहा कि चुनावी आचार संहिता प्रभावी है, इसलिए सभी लोग निर्धारित नियमों का पालन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि रात 10 बजे के बाद डीजे एवं तेज ध्वनि वाले साउंड पर पाबंदी रहेगी। साथ ही आगामी त्योहारों के दौरान निर्धारित नियमों और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।

बैठक में महाकाल की शाही सवारी, जन्माष्टमी सहित आगामी धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों को लेकर सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई। नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने सीएलजी सदस्यों से त्योहारों और चुनाव के दौरान आपसी भाईचारा एवं सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए कहा गया।

बैठक में पूर्व पालिका अध्यक्ष वर्दीचंद कोठारी, व्यापार संघ अध्यक्ष अभय कुमार लुहाड़िया, पूर्व पार्षद सीपी जोशी, बद्रीलाल जाट, सतपाल शिल्पकार, संग्राम शर्मा, ऊंकार पंचोली, श्यामलाल पोरवाल, मुस्लिम समाज से सदिक अंसारी, सीएलजी सदस्य उस्मान गनी, कोमल आचलियाँ सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। आगामी त्योहारों और नगर निकाय चुनाव के बीच शांति एवं सौहार्द बनाए रखने को लेकर बैठक में दिए गए दिशा-निर्देशों को महत्वपूर्ण माना गया।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story