बेगूं पंचायत चुनाव: भाजपा का दबदबा, विधूड़ी समर्थकों की हार से सियासत गरमाई
पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह विधूड़ी के करीबियों की हार से क्षेत्र में राजनीतिक समीकरण और उनके प्रभाव पर उठे सवाल

बेगूं। पंचायत राज चुनाव में बेगूं पंचायत समिति क्षेत्र की 35 ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों ने अपनी गांवों की सरकार चुन ली है। सरपंच पदों के घोषित परिणामों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने स्पष्ट बढ़त बनाते हुए 24 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस समर्थित 11 प्रत्याशी निर्वाचित हुए। चुनाव परिणामों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों का दबदबा रहा, वहीं पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह विधूड़ी के करीबी माने जाने वाले कई प्रत्याशियों की हार ने क्षेत्र के राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज कर दी हैं।
चुनाव में सबसे चौंकाने वाले परिणाम मोतीपुरा ग्राम पंचायत से सामने आए, जहां पूर्व सरपंच एवं जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष भंवर सिंह राणावत को तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। खेरपुर में विधूड़ी समर्थक माने जाने वाले शंभूलाल धाकड़ भी तीसरे स्थान पर रहे। पारसोली में पूर्व सरपंच पृथ्वी सिंह आठवें स्थान पर खिसक गए। वहीं, दुरई में प्रसिद्ध भजन गायक गोकुल शर्मा की पत्नी को हार का सामना करना पड़ा। उन्हें भी पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह विधूड़ी का समर्थक माना जाता है।
इसी तरह रावड़दा में पूर्व सरपंच राजकुमार सेन और गोविंदपुरा में राकेश मेघवाल की पत्नी तीसरे स्थान पर रहीं। दुगार में हेम कंवर सातवें स्थान पर रही। इन सभी प्रत्याशियों को पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह विधूड़ी का करीबी माना जाता रहा है। ऐसे में पंचायत चुनाव के नतीजों ने उनके राजनीतिक प्रभाव और समर्थकों की क्षेत्र में पकड़ को लेकर नई बहस छेड़ दी है।
पिछले विधानसभा चुनाव में करीब 52 हजार मतों से हार का सामना करने के बाद से ही पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह विधूड़ी की राजनीतिक जमीन कमजोर होने की चर्चाएं लगातार होती रही हैं। अब पंचायत राज चुनाव में उनके समर्थक माने जाने वाले कई प्रत्याशियों की हार ने इन चर्चाओं को और तेज कर दिया है। चुनाव में विधूड़ी समर्थित अधिकांश प्रत्याशी अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सके।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार, जिला परिषद चुनाव में अपनी पसंद के उम्मीदवार नहीं होने के कारण विधूड़ी पूरे विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय रूप से प्रचार नहीं कर पाए। वे चुनिंदा स्थानों पर ही जनसंपर्क और चुनाव प्रचार के लिए पहुंचे। राजनीतिक गलियारों में उनके सीमित प्रचार को भी चुनावी नतीजों पर असर डालने वाले संभावित कारणों में गिना जा रहा है।
पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह विधूड़ी का विधायक कार्यकाल भी कई बार राजनीतिक बयानबाजी को लेकर चर्चा में रहा। उस दौरान मंत्री और मुख्यमंत्री के खिलाफ दिए गए उनके बयानों ने सुर्खियां बटोरी थीं। उनका चर्चित बयान, 'मेरी इच्छा के बिना मंत्री और मुख्यमंत्री भी मेरी विधानसभा में नहीं आ सकते', पंचायत चुनाव के नतीजों के बाद एक बार फिर राजनीतिक चर्चाओं का हिस्सा बन गया है।
एक समय बेगूं विधानसभा क्षेत्र में मजबूत राजनीतिक प्रभाव रखने वाले विधूड़ी अब पंचायत चुनाव में अपने समर्थकों के कमजोर प्रदर्शन के चलते नई राजनीतिक चुनौतियों का सामना करते नजर आ रहे हैं। 35 ग्राम पंचायतों में भाजपा समर्थित 24 और कांग्रेस समर्थित 11 सरपंचों की जीत के साथ ही विधूड़ी समर्थक माने जाने वाले कई प्रत्याशियों की हार ने क्षेत्र की राजनीति में उनकी पकड़ को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। आने वाले समय में क्षेत्रीय राजनीति में उनकी भूमिका और प्रभाव किस दिशा में आगे बढ़ता है, इस पर राजनीतिक हलकों की नजर रहेगी।

Deepanshu Sharma, Chittorgarh
नाम: दीपांशु शर्मा
वर्तमान पद: रिपोर्टर (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: बेगू तहसील (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक एवं प्रशासनिक
अनुभव: 8 वर्ष (कुल)
कार्यक्षेत्र और विशेषज्ञता
- राजनीतिक विश्लेषण: बेगू क्षेत्र के राजनीतिक समीकरणों का विश्लेषण और राजनीतिक घटनाक्रमों की कवरेज।
- जनसमस्याएं: आमजन की समस्याओं, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सुविधाओं से संबंधित समाचार।
- त्वरित कवरेज: क्षेत्र में घटने वाली घटनाओं, दुर्घटनाओं और तात्कालिक खबरों की सबसे पहले कवरेज।
- प्रशासनिक खबरें: प्रशासनिक निर्णयों, विभागीय कार्यप्रणालियों और अंदरूनी (अंदर खाने की) खबरों की सटीक जानकारी।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- प्रातःकाल: पिछले 3 वर्षों से लगातार 'प्रातःकाल' समाचार पत्र के साथ जुड़कर बेगू तहसील में कार्यरत हैं।
- पूर्व अनुभव: इससे पहले 5 वर्ष पूर्व से सांध्यकालीन दैनिक 'कवर स्टोरी' समाचार पत्र से जुड़े हुए थे।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
कला स्नातक (B.A.)
