बेगूं में राजस्थान लैंड रेवेन्यू (लैंड रिकॉर्ड्स) रूल्स, 1957 के तहत ऑनलाइन गिरदावरी प्रक्रिया में किए गए संशोधन के विरोध में पटवारियों ने मंगलवार को मोर्चा खोल दिया। पटवारियों ने निबंधन महोदय के नाम ज्ञापन तहसीलदार बेगूं गोपाल जीनगर के माध्यम से सौंपा। इसके बाद संबंधित परिपत्र/आदेश की प्रतियां जलाकर होली के रूप में विरोध प्रदर्शन किया और संशोधित प्रक्रिया को लेकर भारी आक्रोश जताया।

पटवारियों ने बताया कि वर्तमान में ऑनलाइन तहसीलों में किसान गिरदावरी मोबाइल ऐप एवं राज-खसरा गिरदावरी मोबाइल ऐप के माध्यम से डिजिटल क्रॉप सर्वे/ई-गिरदावरी का कार्य किया जा रहा है। पटवारी स्तर से गिरदावरी सबमिट तथा तहसीलदार स्तर से लॉक एवं प्रमाणित होने के बाद प्रपत्र पी-13 की ऑनलाइन प्रति जारी हो जाती है।

पटवारियों का कहना है कि गिरदावरी प्रमाणित होने के बाद यदि फसल की प्रविष्टि में गलती रह जाती है अथवा गलत फसल दर्ज हो जाती है, तो मोबाइल एप में सीधे संशोधन का कोई प्रावधान नहीं है। संशोधन के लिए जिला कलक्टर स्तर से प्रस्ताव एवं जांच के बाद विकल्प खोलने की व्यवस्था की गई है। पटवारियों ने आरोप लगाया कि इस प्रक्रिया में पटवारी स्तर पर कार्रवाई के बाद ही संशोधन का विकल्प खोले जाने की व्यवस्था की गई है, जिसका उन्होंने भारी विरोध किया।

पटवारियों ने कहा कि फसल की प्रविष्टि में होने वाली त्रुटियों के सुधार के लिए जटिल प्रक्रिया के बजाय सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से सीधे संशोधन की सुविधा उपलब्ध कराई जानी चाहिए। उन्होंने संशोधित आदेश/परिपत्र में आवश्यक बदलाव करने की मांग की।

ज्ञापन सौंपने के बाद पटवारियों ने आदेश/परिपत्र की प्रतियां जलाकर विरोध प्रदर्शन किया और सरकार के प्रति अपना आक्रोश जताया।

इस दौरान अध्यक्ष अंकित शर्मा, उपाध्यक्ष माया धाकड़, मंत्री अरविंद छापरवाल, संगठन मंत्री परमानंद मीणा, संयुक्त मंत्री दिलीप, कोषाध्यक्ष आशुतोष सिंह सहित पटवारी मनोज धाकड़, कमलेश धाकड़, गोपाल धाकड़, बृजेश, संतोष कुमावत, धर्मसिंह, खुशबू धाकड़ सहित उपशाखा बेगूं के समस्त पटवारी सदस्य मौजूद रहे।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story