बेगूं के मुरोली में कलश यात्रा के साथ विष्णु महायज्ञ और भागवत कथा शुरू
चित्तौड़गढ़ के मुरोली में सात दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान का शुभारंभ, भव्य शोभायात्रा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़।

बेगूं उपखंड के मुरोली गांव में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान के पहले दिन कलश यात्रा में शामिल पारंपरिक वेशभूषा में ग्रामीण महिलाएं।
बेगूं उपखंड क्षेत्र के नन्दवाई के समीपवर्ती ग्राम मुरोली में गुरुवार को भव्य कलश शोभायात्रा एवं पंचांग पूजन के साथ सात दिवसीय धार्मिक आयोजन का शुभारंभ हुआ। पंडितों द्वारा वेद मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई, जिसमें क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कलश यात्रा श्री गणेश घाटी गौशाला नन्दवाई से प्रारंभ होकर नन्दवाई बस स्टैंड, नरसिंहपुरा, माधोपुर सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए मुरोली स्थित यज्ञशाला पहुंची। यात्रा में घोड़े, शिव-पार्वती की झांकियां, राजस्थानी लोक संगीत एवं नृत्य आकर्षण का केंद्र रहे। मार्ग में जगह-जगह ग्रामीणों द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया तथा नाश्ता, चाय-पानी की व्यवस्था की गई।
इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोकनृत्य, गीत-संगीत एवं जनभागीदारी आधारित गतिविधियों का आयोजन भी किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में धार्मिक एवं सांस्कृतिक माहौल बना रहा।
आयोजन के तहत 24 से 30 अप्रैल 2026 तक सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा एवं श्री श्री 1008 सप्तकुंडी श्री विष्णु महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। प्रतिदिन प्रातःकाल अग्नि नारायण भगवान के समक्ष आहुति के साथ महायज्ञ प्रारंभ होगा। यज्ञ आचार्य पंडित संतोष पांडेय एवं उपाचार्य पंडित गौतम पांडेय के निर्देशन में यज्ञ सम्पन्न होगा।
कथा का वाचन प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक कथा व्यास पूज्य पंडित अजीतकृष्ण शास्त्री (देवघर/काशी विश्वनाथ) द्वारा किया जाएगा। कथा के दौरान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव सहित विशेष धार्मिक कार्यक्रम एवं भजन संध्या का भी आयोजन रखा गया है। 30 अप्रैल को पूर्णाहुति के साथ कार्यक्रम का समापन होगा।
आयोजन समस्त मुरोलीवासियों के सहयोग से किया जा रहा है। कार्यक्रम में नन्दवाई, सोनगर, जयनगर, नरसिंहपुरा, माधोपुर, शिवपुरा, घनश्यामपुरा, आमल्दा, जालमपुरा, घटाबाव, उमरखाल, नीलिया का माल सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, विशेषकर महिलाएं, उपस्थित रहीं। यह आयोजन क्षेत्र में धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक एकता और सामुदायिक सहभागिता का सशक्त उदाहरण बनकर उभरा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
