बेगूं में वर्ष 2047 तक “विकसित बेगूं” की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से नगर पालिका में आयोजित बैठक में शहर की प्रमुख समस्याओं पर गहन मंथन करते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक का सबसे अहम निर्णय यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए लिया गया, जिसके तहत सुबह 10:00 बजे से रात्रि 8:00 बजे तक बड़े वाहन, डंपर एवं ट्रेलर के नगर में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव प्रमुखता से पारित किया गया। इस संबंध में पुलिस विभाग को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की जाएगी।

बैठक में पुराने बस स्टैंड पर संचालित अंडों की लारियों को अन्यत्र स्थानांतरित करने, चेची पुलिया के पास हाई मास्क के निकट स्थित अस्थायी दुकानों को हटाने तथा उप जिला चिकित्सालय मार्ग पर स्थित मांस एवं मदिरा की दुकानों को नियमानुसार अन्य स्थान पर शिफ्ट करने का प्रस्ताव रखा गया। सब्जी मंडी में सड़ी-गली सब्जियों के रूप में कचरा डालने पर रोक लगाने और सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर भी जोर दिया गया।

नए बस स्टैंड क्षेत्र में अनाधिकृत ठेलों एवं दुकानों को हटाने, काटुन्दा ग्राम में सार्वजनिक मार्ग पर किए गए अतिक्रमण हटाने तथा काटुन्दा मोड़ पर यात्री प्रतीक्षालय के सामने लगे अवैध ठेलों को हटाने का निर्णय लिया गया। साथ ही काटुन्दा ग्राम में जलापूर्ति के लिए मोटर हेतु डी.पी. उपलब्ध कराने के लिए एवीवीएनएल को सूचित करने का प्रस्ताव पारित हुआ।

बैठक में पुरानी पुलिया के क्षतिग्रस्त होने से बाधित आवागमन को शीघ्र दुरुस्त करने, नालियों की नियमित सफाई एवं मरम्मत, जर्जर भवनों की सूची तैयार कर कार्रवाई करने तथा पुराने विद्युत लाइनों को व्यवस्थित करने जैसे बिंदुओं पर भी सहमति बनी।

सामाजिक पहल के तहत हरिजन बस्ती का नाम बदलकर “अंबेडकर बस्ती” रखने तथा प्रधानमंत्री कार्यालय को पत्र लिखकर डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति स्थापित कराने का प्रस्ताव रखा गया। साथ ही नीलकंठ महादेव मंदिर से ब्राह्मणी नदी को बस्सी की खाल में टर्मिनल बनाकर जोड़ने का महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी लिया गया, जिससे क्षेत्र में जल प्रबंधन और संसाधनों के बेहतर उपयोग की दिशा में पहल होगी।

नगर पालिका की संपत्तियों के संरक्षण, अनुपयोगी संपत्तियों की नीलामी से राजस्व बढ़ाने, विकसित कॉलोनियों में सुविधाएं उपलब्ध कराने और पट्टे जारी करवाने पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा चेची रोड पर पार्किंग स्थल चिन्हित कर यातायात व्यवस्था सुधारने तथा नगर क्षेत्र के विस्तार के अनुसार विभिन्न विभागों को बजट प्रावधान के लिए निर्देशित करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। आगामी 26 मई को विशेष बैठक आयोजित कर प्रत्येक वार्ड से 20-20 लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में अधिशासी अधिकारी विष्णु यादव, विधायक प्रतिनिधि शंभू लाल धाकड़, पूर्व पालिका अध्यक्ष पूजा सोनी, उपाध्यक्ष निर्मल भुक्कल, सामाजिक कार्यकर्ता अरविंद भट्ट, व्यापार संघ अध्यक्ष अभय कुमार लुहाडिया, क्रय-विक्रय अध्यक्ष तेजमल बोहरा, पूर्व सरपंच शंकरलाल गुर्जर सहित पार्षद पारस जैन, गोपाल सोनी एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। यह बैठक नगर के सुव्यवस्थित विकास, यातायात सुधार और संसाधनों के प्रभावी प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story