बेगूं नगरपालिका चुनाव में 104 प्रत्याशियों ने भरे नामांकन, निर्दलीयों ने बढ़ाई चुनौती
बेगूं नगरपालिका के 35 वार्डों में 104 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए। निर्दलीयों की संख्या अधिक, जांच और नाम वापसी के बाद तस्वीर होगी स्पष्ट।

नगर पालिका चुनाव को लेकर चल रही नामांकन प्रक्रिया सोमवार को अंतिम दिन नामांकन पत्र दाखिल होने के साथ संपन्न हो गई। निर्वाचन अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी अंकित सामरिया के समक्ष नगरपालिका के 35 वार्डों से कुल 104 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए।
नामांकन के अंतिम दिन भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ नारेबाजी और गर्मजोशी के बीच उपखंड कार्यालय पहुंचे और नामांकन दाखिल किए। वहीं, कई वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी चुनावी मैदान में अपना दमखम दिखाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 35 वार्डों में भाजपा-कांग्रेस प्रत्याशियों की तुलना में निर्दलीय प्रत्याशियों की संख्या अधिक रही।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान उपखंड कार्यालय क्षेत्र में दिनभर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों का जमावड़ा लगा रहा। पार्षद प्रत्याशियों के समर्थन में कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए पहुंचे और अपने-अपने प्रत्याशियों के नामांकन पत्र निर्वाचन अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करवाए।
भाजपा की ओर से विधायक प्रतिनिधि शंभूलाल धाकड़ ने नामांकन प्रक्रिया के दौरान मोर्चा संभाले रखा और पार्टी प्रत्याशियों के साथ मौजूद रहे। वहीं, कांग्रेस की ओर से नगरपालिका की वर्तमान अध्यक्ष रंजना शर्मा सहित पार्टी समर्थक मौजूद रहे।
कुछ वार्डों में प्रत्याशियों की संख्या कम होने के चलते निर्विरोध निर्वाचन की संभावना भी जताई जा रही है। अब नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया के पश्चात चुनावी तस्वीर और अधिक स्पष्ट होगी।
कुल मिलाकर नामांकन के अंतिम दिन भाजपा, कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशियों के समर्थकों की मौजूदगी से उपखंड कार्यालय क्षेत्र में दिनभर चुनावी माहौल बना रहा। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया पर चुनावी समीकरणों की अगली तस्वीर निर्भर करेगी।

Deepanshu Sharma, Chittorgarh
नाम: दीपांशु शर्मा
वर्तमान पद: रिपोर्टर (प्रातःकाल)
कार्यक्षेत्र: बेगू तहसील (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीतिक एवं प्रशासनिक
अनुभव: 8 वर्ष (कुल)
कार्यक्षेत्र और विशेषज्ञता
- राजनीतिक विश्लेषण: बेगू क्षेत्र के राजनीतिक समीकरणों का विश्लेषण और राजनीतिक घटनाक्रमों की कवरेज।
- जनसमस्याएं: आमजन की समस्याओं, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सुविधाओं से संबंधित समाचार।
- त्वरित कवरेज: क्षेत्र में घटने वाली घटनाओं, दुर्घटनाओं और तात्कालिक खबरों की सबसे पहले कवरेज।
- प्रशासनिक खबरें: प्रशासनिक निर्णयों, विभागीय कार्यप्रणालियों और अंदरूनी (अंदर खाने की) खबरों की सटीक जानकारी।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
- प्रातःकाल: पिछले 3 वर्षों से लगातार 'प्रातःकाल' समाचार पत्र के साथ जुड़कर बेगू तहसील में कार्यरत हैं।
- पूर्व अनुभव: इससे पहले 5 वर्ष पूर्व से सांध्यकालीन दैनिक 'कवर स्टोरी' समाचार पत्र से जुड़े हुए थे।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
कला स्नातक (B.A.)
