बेगूं। नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर बुधवार को भाजपा की ओर से गरिमा शर्मा और कांग्रेस की ओर से ममता देवी धाकड़ ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। दोनों प्रत्याशियों ने निर्वाचन अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी अंकित सामरिया के समक्ष अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रस्तुत किया।

भाजपा प्रत्याशी गरिमा शर्मा वार्ड नंबर 27 से पार्षद पद पर विजयी हुई हैं। उनके नामांकन में बद्री जाट प्रस्तावक रहे। नामांकन के दौरान पूर्व जिला प्रमुख भेरू सिंह चौहान, विधायक प्रतिनिधि शंभूलाल धाकड़, पूर्व पालिका अध्यक्ष कैलाश चंद्र शर्मा, सतीश खेमका, तेजमल बोहरा, गोपाल डीडवानियां, राकेश गुरुजी, कुलदीप डीडवानियां, नरेश सुथार, दर्पण शर्मा सहित भाजपा के कई नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

वहीं कांग्रेस प्रत्याशी ममता देवी धाकड़ वार्ड नंबर 2 से पार्षद पद पर विजयी हुई हैं। उन्होंने भी निर्वाचन अधिकारी अंकित सामरिया के समक्ष अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया। ममता देवी के प्रस्तावक नारूलाल रहे। इस अवसर पर कांग्रेस की ओर से पूर्व पालिका अध्यक्ष रंजना शर्मा और नगर कांग्रेस अध्यक्ष ललित बैरागी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

पिछले तीन दिनों से चल रही चर्चाओं के बीच भारतीय जनता पार्टी ने ब्राह्मण कार्ड खेला है। विदित है कि पूर्व में कांग्रेस पार्टी द्वारा पालिका अध्यक्ष ब्राह्मण समाज से ही बनाया गया था और वर्तमान में भाजपा द्वारा भी ब्राह्मण समाज को ही प्रतिनिधित्व दिया जा रहा है।

नगर पालिका बोर्ड में भाजपा के 24 पार्षद, कांग्रेस के 8 और निर्दलीय 3 पार्षद हैं। ऐसे में भाजपा का अध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story