बेगूं में मुहर्रम का ताजिया जुलूस संपन्न, भारी सुरक्षा में निकली झांकी
बेगूं कस्बे में इमाम हुसैन की शहादत की याद में छह ताजियों का जुलूस निकला, जिसमें अखाड़े के कलाकारों ने हैरतअंगेज करतब दिखाए।

बेगूं की सड़कों पर मुहर्रम के दौरान निकाले जा रहे भव्य ताजिये और बड़ी संख्या में मौजूद लोग।
बेगूं, 6 जुलाई। हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद में बेगूं कस्बे में रविवार को मुहर्रम का पारंपरिक ताजिया जुलूस श्रद्धा, आस्था और मातमी माहौल के बीच पूर्ण शांति के साथ संपन्न हुआ। इबादत और गम के इस मौके पर कस्बे की बड़ी मस्जिद, झालरा मस्जिद, महावत बाड़ी मस्जिद, नीलगरों की मस्जिद, 60 घरों की मस्जिद तथा 40 घरों की मस्जिद से कुल छह ताजियों का जुलूस निकाला गया। ताजियों का गली-मोहल्लों में भ्रमण शनिवार रात से ही ढोल-नगाड़ों और मातमी धुनों के साथ प्रारंभ हो गया था। रविवार को सभी ताजिए निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गांधी चौक पर एकत्र हुए, जहां से नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए एक भव्य जुलूस के रूप में आगे बढ़े।
जुलूस के दौरान हैदरी अखाड़े के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किए गए पारंपरिक युद्धक एवं हैरतअंगेज करतब आकर्षण का केंद्र रहे, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मार्गों पर उपस्थित रहे। इस धार्मिक आयोजन में आम मुस्लिम कमेटी के सदर सद्दीक भाई, युनूस बागड़ी, आबिद हुसैन अंसारी, शाहरुख मंसूरी, मुबारिक, अजीज पठान, मुंशी खान और सलामत अंसारी सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए।
मुहर्रम के इस आयोजन को शांतिपूर्ण संपन्न कराने हेतु प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई थी। तैयारियों का जायजा लेने के लिए शुक्रवार देर रात्रि करीब 1:30 बजे जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव स्वयं बेगूं पहुंचे और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जुलूस के दौरान एसडीएम अंकित समरिया, डीएसपी अंजलि सिंह, तहसीलदार गोपाल जीनगर, नायब तहसीलदार विष्णु यादव तथा थानाधिकारी कमलचंद मीणा सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी पूरे समय मुस्तैद रहे। भारी पुलिस जाब्ता की तैनाती के बीच मुहर्रम का यह पारंपरिक जुलूस सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जो कस्बे में भाईचारे और शांति का संदेश दे गया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
